Chhindwara 06 June 2025
छिंदवाड़ा यशो:- आगामी त्यौहार बकरीद के मद्देनजऱ जिले में शांति व्यवस्था बनाए रखने एवं आमजन में सुरक्षा की भावना सुदृढ़ करने के उद्देश्य से फ्लैग मार्च का आयोजन किया गया। यह फ्लैग मार्च पुलिस अधीक्षक छिंदवाड़ा श्री अजय पांडे एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री आयुष गुप्ता के निर्देशन में संपन्न हुआ। फ्लैग मार्च फव्वारा चौक से प्रारंभ होकर गोलगंज, अकबरी मस्जिद, रॉयल चौक, छोटी बाजार, पावर हाउस, छोटा तालाब से होते हुए यातायात तिराहा पुलिस लाइन पर संपन्न हुआ।
इस अवसर पर सीसी अजय राणा, डीएसपी (यातायात) रामेश्वर प्रसाद चौबे, डीएसपी राजेश बंजारे, थाना प्रभारी कोतवाली आशीष कुमार, अन्य थानों के थाना प्रभारी एवं रक्षित निरीक्षक आशीष तिवारी सहित पुलिस बल के अधिकारी एवं जवान उपस्थित रहे। फ्लैग मार्च के माध्यम से पुलिस ने जनता को यह संदेश दिया कि कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस सतर्क है और किसी भी प्रकार की अशांति या अव्यवस्था को सहन नहीं किया जाएगा। इस पहल से क्षेत्र में सुरक्षा का सकारात्मक वातावरण बना है।



