सिवनी

 तुलसी नगर पहुंच मार्ग बदहाल, वर्षा पूर्व नहीं हुए सुधार कार्य – जनसुनवाई में नागरिकों ने उठाई आवाज

सिवनी नगर के कबीर वार्ड डूंडा सिवनी क्षेत्र की समस्याओं पर नगर प्रशासन से शीघ्र कार्रवाई की मांग

Seoni 28 June 2025
सिवनी यशो:- नगर के डूंडा सिवनी स्थित तुलसी नगर (कबीर वार्ड) के नागरिकों ने वर्षा ऋतु से पहले क्षेत्र की बुनियादी समस्याओं को लेकर 17 जून की जनसुनवाई में कलेक्टर एवं नगर पालिका अधिकारियों को ज्ञापन सौंपा। नागरिकों ने मांग की है कि क्षेत्र में समुचित जल निकासी, पहुंच मार्ग का समतलीकरण, नाली निर्माण और कच्चे रास्तों की मरम्मत शीघ्र की जाए।

वर्षा जल से घरों में भरता है पानी

निवासियों का कहना है कि मंडला रोड पुलिया से होकर डूंडा सिवनी पुरानी बस्ती का वर्षा जल तुलसी नगर की ओर बहता है, जिससे घर और गली मोहल्लों में पानी भर जाता है। इससे जनजीवन अस्त-व्यस्त हो जाता है और संक्रामक बीमारियों की आशंका बढ़ जाती है।

जर्जर पहुंच मार्ग बना दुर्घटनाओं का कारण

तुलसी नगर को मंडला रोड से जोडऩे वाला मुख्य मार्ग अत्यंत असमतल और कच्चा है। इस मार्ग पर आए दिन वाहन दुर्घटनाएं होती हैं, विशेषकर वर्षा ऋतु में यह मार्ग कीचड़ से भर जाता है, जिससे आवागमन अवरुद्ध हो जाता है।

 शराब दुकान के पास होती हैं घटनाएं, नागरिक असुरक्षित

ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया है कि मंडला रोड स्थित शासकीय शराब दुकान के सामने हर शाम अत्यधिक भीड़ लगती है और यह स्थान तुलसी नगर का मुख्य प्रवेश द्वार भी है। क्षेत्र में पहले भी विवाद, झगड़े और हत्या जैसी घटनाएं हो चुकी हैं। नागरिकों ने दुकान के स्थानांतरण अथवा सुरक्षा व्यवस्था की मांग की है।

 भुगतान के बावजूद नहीं मिला विकास

निवासियों का कहना है कि नगर विकास शुल्क का भुगतान भवन निर्माण के पूर्व किया गया था, इसके बावजूद तुलसी नगर में आज तक कोई ठोस विकास कार्य नहीं हुआ। नागरिकों ने प्रशासन से अनुरोध किया है कि इस राशि का सदुपयोग स्थानीय विकास में किया जाए।

 कलेक्टर एवं नगर पालिका से समाधान की अपील

नागरिकों ने संवेदनशील कलेक्टर और नगर पालिका परिषद से अनुरोध किया है कि मानवीय दृष्टिकोण अपनाते हुए इन समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर हल किया जाए। वर्षा ऋतु में यदि सुधार कार्य नहीं किए गए तो स्कूल जाने वाले बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं को भारी परेशानी का सामना करना पड़ेगा।

Dainikyashonnati

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!