प्रशिक्षण कार्यकर्ता के व्यक्तित्व निर्माण और विचारों की मजबूती के लिए आवश्यक : मीना बिसेन
पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान अंतर्गत भाजपा की जिला स्तरीय कार्यशाला संपन्न
Seoni 24 February 2026
सिवनी यशो:- भारतीय जनता पार्टी के पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान के अंतर्गत मंगलवार को भाजपा जिला कार्यालय में जिला स्तरीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला की अध्यक्षता भाजपा जिलाध्यक्ष मीना बिसेन ने की।

कार्यशाला में मुख्य अतिथि के रूप में संभागीय प्रशिक्षण प्रभारी विजय झांझरी, संभागीय सह-प्रशिक्षण प्रभारी गजानंद पंचेश्वर, जिला प्रशिक्षण प्रभारी जयदीप सिंह चौहान एवं पूर्व जिला अध्यक्ष व कटनी संगठन प्रभारी सुजीत जैन ने निर्धारित विषयों पर मार्गदर्शन प्रदान किया।

भारत माता व महापुरुषों के चित्रों पर माल्यार्पण से हुआ शुभारंभ
कार्यशाला का शुभारंभ भारत माता, पंडित दीनदयाल उपाध्याय एवं श्यामा प्रसाद मुखर्जी के चित्रों पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। इसके पश्चात मुख्य वक्ताओं ने प्रशिक्षणार्थी कार्यकर्ताओं को संबोधित किया।
अनुशासन और प्रशिक्षण से ही भाजपा बनी विश्व की सबसे बड़ी पार्टी : मीना बिसेन
भाजपा जिलाध्यक्ष मीना बिसेन ने कहा कि
“प्रशिक्षण कार्यकर्ता के व्यक्तित्व निर्माण की प्रक्रिया है। विचारों की मजबूती के लिए प्रशिक्षण अत्यंत आवश्यक है।”
उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण की धुरी अनुशासन और आत्मानुशासन है, जिसका प्रत्येक कार्यकर्ता को पालन करना चाहिए।
प्रशिक्षण न केवल व्यक्तिगत जीवन में सुधार लाता है, बल्कि नई सोच और दृष्टिकोण भी विकसित करता है। कार्यकर्ताओं के समर्पण और मेहनत ने ही भाजपा को सबसे बड़ी और अजेय पार्टी बनाया है।

भाजपा कार्यकर्ता आधारित दल, अन्य दल परिवारवाद से ग्रसित : विजय झांझरी
मुख्य वक्ता विजय झांझरी ने कहा कि भाजपा ही ऐसा राजनीतिक दल है जो प्रशिक्षण के माध्यम से कार्यकर्ताओं का निर्माण कर उन्हें नेतृत्वकर्ता बनाती है।
उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता आधारित संगठन है, जबकि अन्य राजनीतिक दल परिवारवाद की राजनीति से ग्रसित हैं।
उन्होंने आधुनिक तकनीक और एआई (AI) की भूमिका पर प्रकाश डालते हुए कहा कि डिजिटल युग में कार्यकर्ताओं को तकनीकी ज्ञान और सोशल मीडिया की बारीकियों से अवगत होना अत्यंत आवश्यक है।
पंच परिवर्तन से समाज निर्माण का लक्ष्य : गजानंद पंचेश्वर
पंच परिवर्तन विषय पर बोलते हुए सह-संभागीय प्रभारी गजानंद पंचेश्वर ने कहा कि भाजपा केवल राजनीतिक दल नहीं, बल्कि बेहतर समाज निर्माण के लिए सतत कार्य करने वाला संगठन है।
उन्होंने सामाजिक समरसता, कुटुंब प्रबोधन, स्वदेशी, नागरिक अनुशासन और पर्यावरण संरक्षण के महत्व पर अपने विचार रखे।
प्रशिक्षण की रूपरेखा और स्तरों की जानकारी दी : जयदीप सिंह चौहान
जिला प्रशिक्षण प्रभारी जयदीप सिंह चौहान ने पीपीटी के माध्यम से प्रशिक्षण के उद्देश्य, स्तर, विषय, समय-सीमा और संगठनात्मक योजना की विस्तृत जानकारी प्रदान की।
प्रशिक्षणार्थियों की शंकाओं का समाधान
कार्यशाला के अंतिम सत्र में पूर्व जिला अध्यक्ष एवं कटनी संगठन प्रभारी सुजीत जैन ने उपस्थित प्रशिक्षणार्थियों की जिज्ञासाओं का समाधान किया।
ये रहे प्रमुख रूप से उपस्थित
कार्यशाला में पूर्व सांसद डॉ. ढालसिंह बिसेन, पूर्व सांसद नीता पटेरिया, पूर्व विधायक नरेश दिवाकर, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती मालती मुकेश डहेरिया, पूर्व जिला अध्यक्ष प्रेम तिवारी, जिला महामंत्री अजय डागोरिया, जिला पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष एवं प्रशिक्षण टोली के दायित्ववान कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का संचालन पीयूष दुबे ने किया।
प्रशिक्षण नियंत्रक डॉ. अभिजीत सिंह चौहान, अलकेश रजक एवं श्रीमती राजेश्वरी उईके सहित प्रशिक्षण टोली मौजूद रही।



