📰 मरीजों के प्रति लापरवाही बरतने वाले डॉक्टर गेडाम दंपति को हटाने की माँग
सांसद फग्गनसिंह कुलस्ते एवं कलेक्टर को सौंपा गया ज्ञापन, ओपीडी में रुपये लेने का वीडियो वायरल
Seoni 08 October 2025
सिवनी यशो:- सिविल अस्पताल केवलारी में पदस्थ डॉ. प्रदीप गेडाम एवं डॉ. सुजाता गेडाम के विरुद्ध नगरवासियों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है। मरीजों के प्रति लापरवाही, पैथोलॉजी जांच में कमीशनबाजी और ओपीडी में सर्टिफिकेट के नाम पर रुपये लेने के आरोपों को लेकर नगरवासियों ने सांसद फग्गनसिंह कुलस्ते एवं जिला कलेक्टर के नाम एसडीएम को ज्ञापन सौंपा है।
ज्ञापन में उल्लेख किया गया है कि विवादित डॉक्टर गेडाम दंपति पर पहले भी गंभीर आरोप लग चुके हैं। वे पूर्व में नगर परिषद लांजी, जिला बालाघाट में पदस्थ थे, जहाँ स्थानीय नागरिकों ने बड़े सर्वदलीय आंदोलन के बाद उन्हें हटवाया था। आरोपों में दवाइयों में कमीशन, गर्भवती महिलाओं से वसूली, एवं निजी पैथोलॉजी जांच केंद्रों से सांठगांठ शामिल थी।
🎥 ओपीडी में रुपये लेने का वीडियो वायरल
स्थानीय नागरिकों एवं पत्रकारों ने बताया कि सिविल अस्पताल केवलारी में भी डॉक्टर गेडाम दंपति ने वही पुरानी कार्यशैली दोहरा दी है।
मरीजों से कहा जाता है कि-
“सरकारी दवाइयाँ असरदार नहीं” या “अस्पताल की पैथोलॉजी जांच ठीक नहीं होती”,
और फिर मरीजों को निजी पैथोलॉजी या
निश्चित मेडिकल स्टोर से दवा खरीदने के लिए बाध्य किया जाता है।
इसके अलावा ओपीडी में ही सर्टिफिकेट बनवाने के लिए रुपये लेने का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है।
साथ ही महिला मरीजों को सरकारी आवास पर बुलाकर इलाज की बात करने जैसी शिकायतें भी ज्ञापन में दर्ज हैं।
📜 नगरवासियों की माँग और चेतावनी
ज्ञापन श्रमजीवी पत्रकार संघ केवलारी,
केवलारी नागरिक जागरूक मंच,
एवं नगर के जागरूक नागरिकों द्वारा सांसद फग्गनसिंह कुलस्ते को नगर प्रवास के दौरान स्थानीय विश्राम गृह में सौंपा गया।
इसमें कहा गया कि—
“यदि विवादित डॉक्टर दंपति को शीघ्र ही सिविल अस्पताल केवलारी से नहीं हटाया गया, तो नगर में सर्वदलीय उग्र आंदोलन किया जाएगा।”
नगरवासियों ने यह भी कहा कि-
इस प्रकरण की जानकारी पहले ही मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव,
स्वास्थ्य मंत्री राजेंद्र शुक्ला,
कलेक्टर श्रीमती शीतला पटले,
एवं जिला स्वास्थ्य अधिकारी जयपाल सिंह ठाकुर को दी जा चुकी है।
अब जनता ठोस कार्रवाई की अपेक्षा कर रही है



