छिंदवाड़ामध्यप्रदेश

आदिवासी भूमि मद परिवर्तन के विरोध में ज्ञापन, आंदोलन की चेतावनी

गोंडवाना गणतंत्र पार्टी युवा मोर्चा ने कलेक्टर के नाम सौंपा ज्ञापन, मामले की जांच और कार्रवाई की मांग

छिंदवाड़ा में आदिवासी भूमि को सामान्य मद में बदलने का आरोप, भूमाफियाओं पर कार्रवाई की मांग

Chhindwara 25 August 2026
छिंदवाड़ा यशो:- गोंडवाना गणतंत्र पार्टी युवा मोर्चा ने मंगलवार, 25 अगस्त को कलेक्टर के नाम ज्ञापन सौंपकर आदिवासी कृषक की भूमि को कथित तौर पर सामान्य मद में परिवर्तित कर खरीद-बिक्री किए जाने के मामले की जांच और तत्काल रोक लगाने की मांग की है। संगठन ने आरोप लगाया कि जिले में आदिवासियों की जमीनों को कम कीमत पर खरीदकर उन्हें सामान्य मद में परिवर्तित कराने का सिलसिला लंबे समय से चल रहा है।

युवा मोर्चा ने ज्ञापन में बताया कि वार्ड नंबर 48 पंचवटी वार्ड, पोआमा निवासी आदिवासी कृषक रेशलाल परतेती की खानदानी भूमि मौजा पोआमा में खसरा नंबर 78/3 और 78/4, कुल रकबा 1.198 हेक्टेयर राजस्व अभिलेखों में दर्ज है। संगठन के अनुसार, उक्त भूमि के संबंध में ज्ञानवती उइके एवं अन्य के साथ 20 नवंबर 2023 को कथित तौर पर 88 लाख रुपये में सौदा हुआ और उनके पक्ष में रजिस्ट्री कराई गई।

भुगतान को लेकर लगाया गंभीर आरोप

ज्ञापन में आरोप लगाया गया कि भूमि की कुल सौदा राशि 88 लाख रुपये होने के बावजूद पीड़ित कृषक को केवल 25 लाख रुपये का भुगतान किया गया। शेष राशि के चेक का विवरण रजिस्ट्री में दर्ज कराया गया, लेकिन कृषक द्वारा चेक बैंक में लगाने पर कथित रूप से भुगतान नहीं हुआ।

युवा मोर्चा का आरोप है कि जब पीड़ित कृषक ने बकाया राशि की मांग की तो उन्हें कथित तौर पर धमकाया गया। संगठन ने पूरे मामले की जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

सामान्य मद में परिवर्तन के बाद प्लाटिंग का आरोप

ज्ञापन के अनुसार, उक्त भूमि को बाद में सामान्य मद में परिवर्तित कर 18 अप्रैल 2024 को साहेदा बी पति ईशाक कुरैशी, निवासी दीवानचीपुरा, छिंदवाड़ा के नाम 2 करोड़ 27 लाख रुपये में रजिस्ट्री किए जाने का आरोप है। युवा मोर्चा ने इस पूरी प्रक्रिया में इरफान कुरैशी और महेन्द्र बंटी वर्मा सहित अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की मांग की है।

संगठन का आरोप है कि भूमि पर अब प्लाटिंग कर बिक्री की जा रही है। युवा मोर्चा ने कहा कि आदिवासी भूमि के इस तरह कथित हस्तांतरण और मद परिवर्तन से संबंधित सभी दस्तावेजों एवं राजस्व प्रक्रियाओं की निष्पक्ष जांच होना जरूरी है।

कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन की चेतावनी

गोंडवाना गणतंत्र पार्टी युवा मोर्चा ने आरोप लगाया कि जिले में अधिकारियों-कर्मचारियों की कथित मिलीभगत से आदिवासी किसानों की जमीनों की खरीद-फरोख्त और मद परिवर्तन का सिलसिला चल रहा है। संगठन ने इसे आदिवासी हितों के खिलाफ बताते हुए तत्काल रोक लगाने की मांग की।

युवा मोर्चा ने चेतावनी दी कि यदि मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं की गई और आदिवासी भूमि के संरक्षण के लिए प्रभावी कदम नहीं उठाए गए, तो संगठन भूमाफियाओं के खिलाफ उग्र आंदोलन करेगा।

यह भी पढ़े :-

मिड-डे मील में इल्ली मिलने पर ग्रामीणों का फूटा गुस्सा, अधिकारियों पर लापरवाही का आरोप

मालनपुर में गोदरेज की नई यूनिट का CM मोहन यादव करेंगे शुभारंभ, 2250 से ज्यादा रोजगार

“आपके प्रमोशन के साथ मेरा इमोशन जुड़ा है”: CM मोहन यादव का ऐलान- अब साल दर साल नहीं रुकेगी कर्मचारियों की पदोन्नति

कलेक्टर नेहा मीना ने अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश, CM हेल्पलाइन और जन-विश्वास अभियान की समीक्षा

https://app.draftbotpro.com/case/view/state-of-madhya-pradesh-section/section-170b-in-the-m/115039647

Dainikyashonnati

Related Articles

Back to top button