“आपके प्रमोशन के साथ मेरा इमोशन जुड़ा है”: CM मोहन यादव का ऐलान- अब साल दर साल नहीं रुकेगी कर्मचारियों की पदोन्नति
मंत्रालय कर्मचारियों ने मुख्यमंत्री का किया अभिनंदन, बोले- अब साल दर साल जारी रहेगी पदोन्नति की प्रक्रिया
CM मोहन यादव बोले- कर्मचारियों के प्रमोशन के साथ जुड़ा मेरा इमोशन, साल दर साल होगी पदोन्नति
Seoni, 25 August 2026
भोपाल यशो:- मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि प्रदेश सरकार कर्मचारियों के कल्याण के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। कर्मचारियों को समय पर वेतन, भत्ते और पदोन्नति का लाभ देना सरकार की प्राथमिकता है। “आपके प्रमोशन के साथ मेरा इमोशन जुड़ा है”, मुख्यमंत्री ने कहा कि पदोन्नति के बाद कर्मचारियों के चेहरे पर दिखाई देने वाली खुशी उनके लिए भी संतोष का विषय है।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव के कर्मचारी हितैषी निर्णयों के लिए मंत्रालय के कर्मचारियों ने सोमवार, 25 अगस्त को मंत्रालय में उनका अभिनंदन किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि किसी कार्य की फाइल को टेबल तक लाने और उसे धरातल पर क्रियान्वित करने में कर्मचारियों की अथक मेहनत होती है। इसलिए कर्मचारियों के उत्साहवर्धन के लिए वेतन, भत्ते और पदोन्नति सहित सभी जरूरी लाभ समय पर दिए जाने चाहिए।
उन्होंने कहा कि ये सुविधाएं कर्मचारियों का अधिकार हैं और इससे उनके भीतर नई ऊर्जा का संचार होता है। कर्मचारी और उनके परिवार में खुशियां आती हैं। सरकार का प्रयास है कि कर्मचारियों को उनके अधिकारों का लाभ समय पर मिले, क्योंकि देरी से लिया गया निर्णय भी अन्याय के समान होता है।
अब नहीं रुकेगी पदोन्नति की प्रक्रिया
मुख्यमंत्री ने कहा कि मध्यप्रदेश में शासकीय अधिकारियों और कर्मचारियों की पदोन्नति प्रक्रिया अब नहीं रुकेगी। पदोन्नति का क्रम साल-दर-साल जारी रहेगा। इस वर्ष सभी विभागों में पदोन्नति के लिए डीपीसी की प्रक्रिया प्रारंभ होने जा रही है। इसके माध्यम से पात्र कर्मचारियों को फिर पदोन्नति का लाभ मिलेगा।
डॉ. यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत तेजी से आगे बढ़ रहा है। पारदर्शी निर्णय और दृढ़ संकल्प सुशासन के आधार स्तंभ हैं। प्रदेश सरकार कर्मचारियों के हित में सभी आवश्यक कल्याणकारी निर्णय लेने के लिए सदैव तत्पर है। उन्होंने मंत्रालय की महिला कर्मचारियों को रक्षाबंधन पर्व की शुभकामनाएं भी दीं।
कर्मचारी हित में लिए कई निर्णय
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि सरकार कर्मचारियों के वेतन एवं भत्तों के साथ उनके आवास सहित अन्य आवश्यकताओं पर भी ध्यान दे रही है। सरकार ने किसानों, गरीबों, महिलाओं और युवाओं सहित समाज के सभी वर्गों के हित में अनेक जनकल्याणकारी निर्णय लिए हैं।
जानकारी के अनुसार, 13 दिसंबर 2023 को राज्य के कर्मचारियों को विभिन्न सौगातें दी गई थीं। कर्मचारियों को वर्ष 2013 से लंबित भत्तों का भुगतान किया गया। इसके बाद वर्ष 2026 में प्रदेश के 1 लाख 25 हजार से अधिक अधिकारियों-कर्मचारियों की पदोन्नति हुई। मुख्यमंत्री डॉ. यादव के कार्यकाल में कर्मचारी हित से जुड़े कई निर्णय लिए गए हैं। इनमें पूर्व में की गई समयमान वेतनमान सहित पांच मांगों को पूरा किया जाना भी शामिल है।
अंतरराष्ट्रीय कराटे खिलाड़ी और विक्रम अवॉर्ड विजेता सम्मानित
कार्यक्रम के दौरान अंतरराष्ट्रीय कराटे खिलाड़ी जागृति पटेल और विक्रम अवॉर्ड विजेता अंजली वर्मा को भी सम्मानित किया गया। मुख्यमंत्री ने दोनों खिलाड़ियों की उपलब्धियों की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
यह भी पढ़े :-
कांधों पर कांवड़, कांवड़ में मां नर्मदा का पवित्र जल लेकर निकले कांग्रेसजन
कलेक्टर नेहा मीना ने अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश, CM हेल्पलाइन और जन-विश्वास अभियान की समीक्षा
शहीदों की स्मृति में टुरिया में कबड्डी प्रतियोगिता, 30 टीमों ने दिखाया दमखम
हर पात्र हितग्राही तक पहुंचे योजनाओं का लाभ, लापरवाही पर अधिकारियों पर होगी कार्रवाई: मोहन यादव



