छिंदवाड़ामध्यप्रदेश

छिंदवाड़ा से सावनेर तक 6 लेन सड़क की मांग, सड़क परिवहन मंत्री को भेजा पत्र

छिंदवाड़ा-नागपुर के बढ़ते यातायात को देखते हुए फोरलेन के बजाय 6 लेन की जरूरत बताई, सिल्लेवानी घाटी में टनल बनाने का सुझाव

छिंदवाड़ा से सावनेर सड़क 6 लेन करने की मांग, नितिन गडकरी को भेजा पत्र; परासिया मार्ग भी होगा फोरलेन?

chhindwara 02 September 2026
छिंदवाड़ा यशो:-  छिंदवाड़ा से सावनेर के बीच प्रस्तावित सड़क को फोरलेन के स्थान पर 6 लेन किए जाने की मांग तेज हो गई है। इस संबंध में केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी को पत्र भेजकर छिंदवाड़ा-सावनेर मार्ग को 6 लेन बनाने की मांग की गई है।

बताया गया है कि छिंदवाड़ा-सावनेर के बीच करीब 70 किलोमीटर लंबा मार्ग छिंदवाड़ा और नागपुर के बीच बढ़ते यातायात को देखते हुए भविष्य में अत्यधिक महत्वपूर्ण होगा। वर्तमान में सावनेर से नागपुर की ओर 6 लेन सड़क होने के कारण छिंदवाड़ा से सावनेर तक भी 6 लेन सड़क बनाए जाने की मांग की जा रही है।

बढ़ते ट्रैफिक से दुर्घटनाओं की आशंका

मांग करने वालों का कहना है कि छिंदवाड़ा और नागपुर के बीच व्यावसायिक एवं आवागमन संबंध लगातार बढ़ रहा है। आने वाले समय में इस मार्ग पर यातायात का दबाव और बढ़ने की संभावना है। ऐसे में अभी से सड़क को 6 लेन किए जाने की योजना बनाई जाती है तो भविष्य में यातायात की समस्या और दुर्घटनाओं की आशंका को कम करने में मदद मिल सकती है।

सिल्लेवानी घाटी में टनल या पुल बनाने का सुझाव

छिंदवाड़ा-सौंसर के बीच स्थित सिल्लेवानी घाटी को लेकर भी सड़क निर्माण में वैकल्पिक तकनीकी समाधान अपनाने का सुझाव दिया गया है। घाटी क्षेत्र में आवश्यकता के अनुसार टनल बनाने अथवा घुमावदार सड़क के स्थान पर पुलों का निर्माण कर दूरी कम करने की संभावना तलाशने की बात कही गई है।

मांग में कहा गया है कि देश के कई हिस्सों में सड़क मार्ग की दूरी और घुमाव कम करने के लिए पुल एवं अन्य इंजीनियरिंग संरचनाओं का निर्माण किया गया है। इसी प्रकार छिंदवाड़ा-नागपुर मार्ग पर भी भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए बेहतर एवं कम दूरी वाला मार्ग विकसित किया जा सकता है।

छिंदवाड़ा-परासिया मार्ग को भी फोरलेन करने की मांग

इसके साथ ही छिंदवाड़ा से परासिया के बीच करीब 30 किलोमीटर लंबे मार्ग को फोरलेन किए जाने की मांग भी उठाई गई है। यह मार्ग भी यातायात की दृष्टि से काफी व्यस्त रहता है। खिरसाडोह के पास सड़क पर कई मोड़ होने के कारण यहां भी सड़क सुधार एवं चौड़ीकरण की जरूरत बताई गई है।

फोरलेन सड़क बनने से छिंदवाड़ा-परासिया मार्ग पर आवागमन सुगम होने के साथ यातायात का दबाव कम करने में मदद मिल सकती है। परासिया से तामिया होते हुए भोपाल तथा दमुआ होते हुए सारणी की ओर भी आवागमन होता है। ऐसे में इस मार्ग के चौड़ीकरण को क्षेत्रीय कनेक्टिविटी के लिए महत्वपूर्ण बताया जा रहा है।

भविष्य की जरूरत को देखते हुए हो सड़क निर्माण

छिंदवाड़ा से नागपुर के बीच लगातार बढ़ते यातायात को देखते हुए मांग की गई है कि सड़क निर्माण की योजना केवल वर्तमान यातायात के आधार पर नहीं, बल्कि आगामी वर्षों में बढ़ने वाले यातायात को ध्यान में रखकर तैयार की जाए। छिंदवाड़ा-सावनेर मार्ग को 6 लेन और छिंदवाड़ा-परासिया मार्ग को फोरलेन किए जाने से क्षेत्र की कनेक्टिविटी और आवागमन व्यवस्था को मजबूती मिलने की उम्मीद है।

यह भी पढ़े :-डेयरियों पर जांच की कार्रवाई, लेकिन घर-घर दूध पहुंचाने वालों की जांच कब?

सीएम डॉ. मोहन यादव की कैबिनेट के बड़े फैसले: 41 हजार करोड़ से ज्यादा के विकास कार्यों को मंजूरी, 125 दिन रोजगार की गारंटी

एसपीएल फुटबॉल प्रतियोगिता के समापन समारोह में विधायक दिनेश राय मुनमुन ने की सहभागिता

सिवनी में 96% बूथों पर सुनी गई ‘मन की बात’, 1410 बूथों पर PM मोदी का 137वां एपिसोड

https://udaipurtimes.com/hindi/this-new-6lane-greenfield-expressway-will-be-built-soon-at/cid19159449.htm

Dainikyashonnati

Related Articles

Back to top button