जनसुनवाई से मजबूत हो रहा पुलिस-जनता का भरोसा, एसपी कृष्ण लालचंदानी ने सुनीं नागरिकों की समस्याएं
मौके पर कई शिकायतों का निराकरण, शेष मामलों में समयबद्ध जांच के निर्देश; महिलाओं, वरिष्ठ नागरिकों और दिव्यांगों के मामलों को दी जा रही प्राथमिकता

सिवनी पुलिस जनसुनवाई: एसपी कृष्ण लालचंदानी ने सुनीं नागरिकों की समस्याएं, दिए त्वरित कार्रवाई के निर्देश
सिवनी यशो :- पुलिस अधीक्षक कार्यालय में मंगलवार को आयोजित साप्ताहिक जनसुनवाई में पुलिस अधीक्षक कृष्ण लालचंदानी ने ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों से पहुंचे नागरिकों की समस्याएं गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ सुनीं।
इस दौरान चंचलेश मरकाम भी मौजूद रहे। जनसुनवाई के दौरान कई शिकायतों का मौके पर ही विधिसम्मत निराकरण किया गया, जबकि शेष मामलों में संबंधित थाना प्रभारियों को निष्पक्ष जांच कर निर्धारित समय-सीमा में कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।
पुलिस विभाग द्वारा संचालित साप्ताहिक जनसुनवाई अब आम नागरिकों की समस्याओं के त्वरित, पारदर्शी एवं प्रभावी समाधान का महत्वपूर्ण माध्यम बनती जा रही है।
पुलिस अधीक्षक कृष्ण लालचंदानी के नेतृत्व में संवेदनशील पुलिसिंग को जमीनी स्तर पर मजबूती देने के उद्देश्य से इस पहल को लगातार आगे बढ़ाया जा रहा है।
जनसुनवाई के दौरान प्रत्येक फरियादी को अपनी बात निर्भीक होकर रखने का अवसर दिया गया। पुलिस अधिकारियों ने सभी शिकायतों को गंभीरता से सुनते हुए आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने का भरोसा दिलाया।
महिलाओं, वरिष्ठ नागरिकों, दिव्यांगजनों एवं कमजोर वर्गों से जुड़े मामलों को प्राथमिकता देते हुए त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।
साथ ही नागरिकों की सुविधा के लिए जनसुनवाई व्यवस्था को जिले के सभी थाना एवं चौकी स्तर तक विस्तारित किया गया है, ताकि स्थानीय स्तर पर ही समस्याओं का शीघ्र समाधान हो सके।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक कृष्ण लालचंदानी ने कहा कि जनसुनवाई केवल शिकायत निवारण का माध्यम नहीं, बल्कि पुलिस और जनता के बीच विश्वास का मजबूत सेतु है।
उन्होंने कहा कि प्रत्येक नागरिक को सुलभ एवं निष्पक्ष न्याय उपलब्ध कराना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
सिवनी पुलिस ने आमजन से अपील की है कि वे अपनी समस्याएं बिना किसी भय के जनसुनवाई में रखें।
प्रत्येक शिकायत का निष्पक्ष, पारदर्शी और संवेदनशील तरीके से निराकरण सुनिश्चित किया जाएगा।



