



नववर्ष का नगर के जनसमुदाय ने किया भव्य स्वागत:धार्मिक आस्था का पर्व नवरात्र प्रारंभ
सिवनी यशो:- बुधवार से प्रारंभ हुये सनातन परंपरा के नव वर्ष एवं आदिशक्ति के आराधाना का पर्व नवरात्रि पूरी श्रद्धा और आस्था के साथ मनाया जा रहा है जहाँ सनातनी नववर्ष पर शहर में विशाल वाहन रैली पूरे उत्साह के साथ निकाली गई वहीं नगर साथ जिले के सभी देवीपीठों में श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा जिसमें विशेष रूप से महिलाएँ एवं बच्चियाँ मातारानी को जल आर्पित करने पहुँची । मंदिरों में ज्योति कलश और जवारे स्थापना का कार्य किया गया है ।
नववर्ष पर परंपरा अनुसार युवा हिन्दु उत्सव समिति द्वारा नगर में विशाल वाहन रैली निकाली इसमें बड़ी संख्या में सनातनी उत्साह के साथ शामिल हुये वाहन रैली मिशन स्कूल से प्रारंभ होकर गणेश चौक, बरघाट रोड़ , शुक्रवारी, नेहरू रोड, दुर्गा चौक, ढिमरी महोल्ला, छिंदवाड़ा चौक, नगर पालिका, बस स्टेंड, पोस्ट आफिस, सोमवारी चौक, स्टेडियम रोड, होमगार्ड ऑफिस होते हुए ज्यारत से पालीटेक्निक कालेज के पीछे से मातोश्री अपार्टमेंट के सामने से हनुमान मंदिर से बाबरिया रोड विधायक निवास के सामने से होते हुए एसपी बंगला, बाहुबली चौक होते हुये मिशन स्कूल पहुँची जहाँ रैली का समापन हुआ । उत्साह के साथ निकली रैली में जय श्री राम के जयकरे और भगवा ध्वजों ने रैली की भव्यता का प्रदर्शन किया अनेक स्थानों पर पुष्पवर्षा की गयी ।अधिकांश श्रद्धालुओं के हाथों में भगवा झंडा नजर आया। वाहन रैली में सुरक्षा की दृष्टि से पुलिस भी शामिल रही। वहीं रैली के मार्ग पर भी बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा। हिंदू नववर्ष के साथ ही चैत्र नवरात्र प्रारंभ होने से सुबह से मातारानी के मंदिरों में भक्तों की भीड़ रही।चैत्र नवरात्र व हिंदू नववर्ष को देखते हुए पूरे शहर को भगवा झंडा, स्वागत गेट, तोरन से सजाया गया।
जल अर्पण करने उमड़े श्रद्धालु
मातारानी के मंदिरों में सुबह से भक्तों की भारी भीड़ नजर आई। जिले के देवीपीठों में मां अम्बे को जल अर्पण करने पहुंचे। शहर के माता दिवाला मंदिर, राजराजेश्वरी मंदिर, मरहाई माता मंदिर, विंध्यवासिनी मंदिर, महामाया मंदिर, गायत्री मंदिर के अलावा जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में स्थिति प्राचीन मंदिरों में बड़ी संख्या में भक्तों की भीड़ रही। इनमें महिलाओं व बच्चों की संख्या अधिक देखी गई। मंदिर पहुंचकर भक्तों ने पूजन, अर्चना कर मां आदिशक्ति से जीवन में खुशहाली का आशीर्वाद मांगा। मनोकामना ज्योति कलश, ज्वारे स्थापना का क्रम सुबह से प्रारंभ हो गया, जो देर शाम तक मंदिरों में चलता रहा। ऐतिहासिक महत्व के देवीपीठों में बंजारी माता मंदिर छपारा, आष्टा, धूमावती मंदिर, बाघदेव बंजारी, , बंडोल स्थित कात्यायिनी मंदिर, आमागढ़ स्थित दुर्गा मंदिर, कलबोड़ी माता मंदिर, केवलारी के दुर्गा मंदिर, बरघाट के राजराजेश्वरी मंदिर में भी बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने नवरात्र पर्व पर कलश स्थापित करवाए। कटंगी रोड स्थित माता महाकाली मंदिर में हुई आरती में बड़ी संख्या में भक्त उपस्थित रहे।





