बच्चों के बीच पहुंचीं कलेक्टर, सवाल पूछकर परखा ज्ञान; साथ बैठकर किया मध्यान्ह भोजन
कमकासुर की प्राथमिक शाला और आंगनवाड़ी केंद्र का निरीक्षण, बच्चों की पढ़ाई, पोषण और स्वास्थ्य व्यवस्था का लिया जायजा
सिवनी में बच्चों के बीच पहुंचीं कलेक्टर नेहा मीना, साथ बैठकर किया मध्यान्ह भोजन
Seoni 27 August 2026
सिवनी यशो:- मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के तहत कलेक्टर नेहा मीना ने कुरई विकासखंड के ग्राम कमकासुर की प्राथमिक शाला एवं आंगनवाड़ी केंद्र का निरीक्षण किया। कलेक्टर का बच्चों के बीच पहुंचकर उनसे सहज संवाद करना और पढ़ाई से जुड़े सवाल पूछना उनके लिए उत्साह और सीख का अवसर बन गया। उन्होंने बच्चों से सामान्य गणित एवं हिंदी के सवाल पूछकर उनके शैक्षणिक स्तर को परखा तथा पहाड़े भी सुने।
बच्चों से सवाल पूछकर परखा शैक्षणिक स्तर
प्राथमिक शाला के निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने बच्चों के नामांकन और उपस्थिति की जानकारी ली। उन्होंने निर्धारित शेड्यूल के अनुसार अध्यापन कार्य की स्थिति भी जानी।

इसके बाद कलेक्टर ने कक्षा में बच्चों के बीच पहुंचकर उनसे गणित और हिंदी से जुड़े सवाल पूछे। बच्चों ने उत्साहपूर्वक सवालों के जवाब दिए और पहाड़े सुनाए। कलेक्टर ने बच्चों की हौसला-अफजाई करते हुए उन्हें नियमित रूप से पढ़ाई करने और आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
बच्चों के साथ बैठकर किया मध्यान्ह भोजन
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने विद्यार्थियों के लिए तैयार किए गए मध्यान्ह भोजन की गुणवत्ता का भी जायजा लिया। भोजन की गुणवत्ता को स्वयं परखने के लिए उन्होंने बच्चों के साथ बैठकर मध्यान्ह भोजन किया।
कलेक्टर को अपने बीच बैठकर भोजन करते देखकर बच्चों में भी खासा उत्साह नजर आया। इस दौरान उन्होंने भोजन की गुणवत्ता और बच्चों को उपलब्ध कराए जा रहे भोजन की व्यवस्था की जानकारी भी ली।
आंगनवाड़ी में पोषण और स्वास्थ्य व्यवस्था की जानकारी
आंगनवाड़ी केंद्र पहुंचकर कलेक्टर ने बच्चों की उपस्थिति की जानकारी ली। उन्होंने सेम एवं मेम श्रेणी के बच्चों की स्थिति, उनके उपचार और देखभाल की व्यवस्था के संबंध में भी जानकारी प्राप्त की।
उन्होंने बच्चों के टीकाकरण की स्थिति की जानकारी लेने के साथ केंद्र में उपलब्ध टीएचआर, नाश्ते और भोजन की गुणवत्ता का भी अवलोकन किया। कलेक्टर ने बच्चों के स्वास्थ्य और पोषण से जुड़े मामलों में नियमित निगरानी रखने पर जोर दिया।
नए परिधान पाकर खिल उठे बच्चों के चेहरे
निरीक्षण के दौरान स्नेह परिधान संकल्प अभियान की आत्मीय झलक भी देखने को मिली। कलेक्टर ने अभियान के अंतर्गत बच्चों को परिधान वितरित किए।
नए परिधान पाकर बच्चों के चेहरों पर खुशी साफ दिखाई दी। कलेक्टर ने बच्चों से आत्मीयता के साथ संवाद करते हुए उनके साथ समय बिताया।
शिक्षा के साथ पोषण और स्वास्थ्य पर जोर
कलेक्टर ने कहा कि बच्चों के स्वस्थ विकास के लिए शिक्षा, स्वास्थ्य और पोषण, तीनों पर समान रूप से ध्यान देना आवश्यक है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को विद्यालय एवं आंगनवाड़ी केंद्र में बच्चों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की गुणवत्ता बनाए रखने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि बच्चों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण देने के साथ उनके पोषण और स्वास्थ्य की नियमित निगरानी भी जरूरी है, ताकि उनका समग्र विकास सुनिश्चित हो सके।
निरीक्षण के दौरान एसडीएम प्रशांत उइके सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे। मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के तहत कलेक्टर का यह निरीक्षण शिक्षा, पोषण और बाल स्वास्थ्य से जुड़ी व्यवस्थाओं की जमीनी स्थिति जानने के लिहाज से महत्वपूर्ण रहा।
यह भी पढ़े:-
महंगाई के खिलाफ छपारा में कांग्रेस का सांकेतिक प्रदर्शन, सरकार पर साधा निशाना
फर्जी ग्रामसभा प्रस्ताव से तालाब की लीज, पूर्व सचिव को 7 साल और ठेकेदार को 5 साल की सजा
फर्जी ग्रामसभा प्रस्ताव से तालाब की लीज, पूर्व सचिव को 7 साल और ठेकेदार को 5 साल की सजा
आजादी के 80 साल: क्या आम आदमी को मिली वह आजादी जिसकी कल्पना की गई थी?



