बिजली व्यवस्था होगी और मजबूत, तीसरा पावर ट्रांसफार्मर लगाने के निर्देश
जनविश्वास अभियान में MP ट्रांसको एमडी सुनील तिवारी ने 132 केवी सबस्टेशन का किया निरीक्षण, बढ़ती विद्युत मांग और लोड की समीक्षा
लखनादौन में बिजली व्यवस्था होगी मजबूत, 132 KV सबस्टेशन में लगेगा तीसरा पावर ट्रांसफार्मर
Seoni 29 August 2026
सिवनी / लखनादौन यशो:- मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत मध्यप्रदेश पावर ट्रांसमिशन कंपनी (एमपी ट्रांसको) के प्रबंध संचालक सुनील तिवारी ने शनिवार को सिवनी जिले के 132 केवी एक्स्ट्रा हाई टेंशन सबस्टेशन लखनादौन का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने क्षेत्र की बढ़ती विद्युत आवश्यकता, सबस्टेशन की वोल्टेज प्रोफाइल और विद्युत भार की स्थिति की विस्तृत समीक्षा की।
निरीक्षण और समीक्षा के बाद एमपी ट्रांसको एमडी ने लखनादौन सबस्टेशन में एक अतिरिक्त पावर ट्रांसफार्मर स्थापित करने के निर्देश दिए हैं। वर्तमान में सबस्टेशन में दो पावर ट्रांसफार्मर संचालित हैं। तीसरे ट्रांसफार्मर की स्थापना के बाद क्षेत्र की पारेषण व्यवस्था की क्षमता और विश्वसनीयता में और वृद्धि होगी।
हजारों उपभोक्ताओं को मिलेगा फायदा
तीसरे पावर ट्रांसफार्मर की स्थापना का सीधा लाभ लखनादौन तहसील के साथ-साथ आसपास के आदिवासी बहुल क्षेत्रों के विद्युत उपभोक्ताओं को मिलने की उम्मीद है। धूमा, आदेगांव, छपारा, कहानी और धनोरा क्षेत्र में घरेलू एवं कृषि उपभोक्ताओं को अधिक भरोसेमंद विद्युत आपूर्ति उपलब्ध कराने में यह व्यवस्था महत्वपूर्ण साबित होगी।
क्षेत्र में बढ़ती बिजली की मांग को देखते हुए अतिरिक्त ट्रांसफार्मर की स्थापना से विद्युत तंत्र पर मौजूदा दबाव कम होगा और पारेषण व्यवस्था को अधिक सुदृढ़ बनाने में मदद मिलेगी।
सबस्टेशन की ऑपरेशन-मेंटेनेंस व्यवस्था भी परखी
निरीक्षण के दौरान एमडी सुनील तिवारी ने सबस्टेशन की ऑपरेशन एवं मेंटेनेंस व्यवस्था का भी अवलोकन किया। उन्होंने विद्युत तंत्र के संचालन से जुड़े तकनीकी पहलुओं की जानकारी ली और व्यवस्था को निर्बाध एवं विश्वसनीय बनाए रखने के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
आउटसोर्स कर्मचारियों से किया सीधा संवाद
सुनील तिवारी ने सबस्टेशन में कार्यरत आउटसोर्स कार्मिकों से भी संवाद किया। उन्होंने कर्मचारियों की कार्य परिस्थितियों और आवश्यकताओं की जानकारी ली तथा विद्युत तंत्र की विश्वसनीयता बनाए रखने के लिए पूरी सतर्कता और प्रतिबद्धता के साथ कार्य करने के लिए प्रोत्साहित किया।
उन्होंने कहा कि विद्युत पारेषण व्यवस्था की मजबूती के लिए तकनीकी संसाधनों के साथ-साथ मैदानी स्तर पर कार्यरत कर्मचारियों की सजगता भी बेहद महत्वपूर्ण है।
ये अधिकारी रहे मौजूद
निरीक्षण के दौरान मुख्य अभियंता (टेस्टिंग) एम.वाई. मंसूरी, अधीक्षण अभियंता (टेस्टिंग), सिवनी एन.एस. लोधी, कार्यपालन अभियंता अरुण वैध, सहायक अभियंता श्रीमती सीमा डोंगरे सहित एमपी ट्रांसको के अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
यह भी पढ़े :-
नक्सलवाद से निपटकर विकास की राह पर बालाघाट, जनजातीय अंचल में पहुंचे CM मोहन यादव
तोपों की सलामी, अखाड़ों के हैरतअंगेज करतब और आल्हा-ऊदल का युद्ध… आज सजेगा छिंदवाड़ा का भुजलिया उत्सव
फोरलेन मिला, अब रिंग रोड की मांग; बालाघाट के विकास को नई उड़ान
सांदीपनि विद्यालय हर्रई में लगा जनविश्वास अभियान शिविर, ग्रामीणों की सुनीं समस्याएं



