सिवनी में मवेशी चोर गिरोह का पर्दाफाश, 8 आरोपी गिरफ्तार; 5 मवेशी चोरी कर ₹1.25 लाख में बेचे
सिवनी/कुरई यशो :-मवेशी चोरी की वारदातों से परेशान ग्रामीणों के लिए राहत की खबर है। एसपी कृष्ण लालचंदानी के निर्देशन, एएसपी दीपक मिश्रा एवं एसडीओपी बरघाट ललित गठरे के मार्गदर्शन में थाना कुरई एवं चौकी बादलपार पुलिस ने मवेशी चोरी करने वाले गिरोह पर जोरदार शिकंजा कसते हुए 8 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी के मवेशियों की बिक्री से प्राप्त नगदी सहित पिकअप वाहन, पल्सर और स्प्लेंडर मोटरसाइकिल जब्त की हैं।
पुलिस की कार्रवाई से मवेशी चोरी के इस गिरोह में हड़कंप मच गया है। पूछताछ में आरोपियों ने वारदात की पूरी कहानी पुलिस के सामने उगल दी।
आधी रात को कोठा तोड़ा, पांच मवेशी ले उड़े
मामला 29 जुलाई की दरमियानी रात ग्राम चक्की खमरिया का है। यहां फरियादी के खेत में बने कोठे का दरवाजा तोड़कर अज्ञात चोर 5 मवेशी—भैंस एवं पड़िया चोरी कर ले गए थे।
फरियादी की शिकायत पर चौकी बादलपार, थाना कुरई में अपराध दर्ज कर धारा 331(4), 305(ए), 61(2) बीएनएस के तहत विवेचना शुरू की गई।
पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए संदेहियों की धरपकड़ शुरू की और एक-एक कड़ी जोड़ते हुए आखिरकार गिरोह तक पहुंच गई।
पूछताछ में खुला पूरा राज
पुलिस टीम ने संदेहियों को हिरासत में लेकर सख्ती से पूछताछ की तो आरोपियों ने वारदात करना स्वीकार कर लिया। पूछताछ में सामने आया कि आरोपियों ने योजनाबद्ध तरीके से चक्की खमरिया से पांच मवेशी चोरी किए और उन्हें पिकअप वाहन क्रमांक एमपी 50 जेडबी 8914 में भरकर जबलपुर जिले के मदार टेकरी, बरेला ले गए।
वहां मनोज यादव के माध्यम से चोरी किए गए मवेशियों को 1 लाख 25 हजार रुपये में बेच दिया गया। बिक्री से मिली रकम आरोपियों ने आपस में बांट ली।
आठ आरोपी पुलिस के शिकंजे में
पुलिस ने मामले में आठ आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में—
दीपक सोनवाने (24) पिता सुनील सोनवाने
अमित कुमार यादव (34) पिता महेश कुमार यादव
अशफाक खान (36) पिता मुस्ताक खान
सलमान उर्फ बल्लम खान (23) पिता सलीम खान
मोहशीन उर्फ काले खान (26) पिता मोहम्मद खान
वासिद खान (34) पिता कय्यूम खान
मनोज यादव (46) पिता हरिप्रसाद यादव
नरेन्द्र निवारे, निवासी टिग्गा मोहल्ला, शहीद वार्ड, सिवनी
शामिल हैं।
पुलिस के मुताबिक आरोपी नरेन्द्र निवारे पूर्व से ही थाना लखनवाड़ा के एक अपराध में जेल में निरुद्ध है।
वाहन भी जब्त, गिरोह की गतिविधियों की पड़ताल जारी
पुलिस ने आरोपियों से चोरी के मवेशियों की बिक्री से प्राप्त नगद राशि, वारदात में प्रयुक्त पिकअप वाहन, पल्सर एवं स्प्लेंडर मोटरसाइकिल जब्त की हैं।
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि गिरोह ने इससे पहले कितनी मवेशी चोरी की वारदातों को अंजाम दिया और इनके साथ इस अवैध धंधे में और कौन-कौन लोग जुड़े हुए हैं।
पुलिस टीम की रही अहम भूमिका
पूरी कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक कृपाल शाह तेकाम, उपनिरीक्षक इंजन सिंह मर्सकोले, सहायक उपनिरीक्षक योगेन्द्र सिंह ठाकुर, प्रधान आरक्षक महेन्द्र परतेती, राजेश माथरे, चंचलेश नरवरे, आरक्षक ओमकार परतेती, राजेन्द्र कटरे, सतीश इनवाती, यशपाल उईके एवं आलोक गोटिया तथा साइबर सेल से सहायक उपनिरीक्षक देवेन्द्र जैसवाल और प्रधान आरक्षक अजय बघेल की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
कुरई पुलिस की इस कार्रवाई ने मवेशी चोरी के नेटवर्क को बड़ा झटका दिया है। अब पुलिस की निगाह गिरोह से जुड़े संभावित अन्य आरोपियों और पूर्व की वारदातों पर है।
यह भी पढ़ें:-
नेपाल में फंसे MP के लोगों के लिए सरकार ने खोला कंट्रोल रूम, CM मोहन यादव ने जारी किए हेल्पलाइन नंबर
खाद्य विभाग की बड़ी कार्रवाई, ₹3.61 लाख की अमानक सामग्री जब्त
फर्जी ग्रामसभा प्रस्ताव से तालाब की लीज, पूर्व सचिव को 7 साल और ठेकेदार को 5 साल की सजा
सिवनी सहित जिलेभर में श्रद्धा और उत्साह से मनाई गई ईद मिलादुन्नबी


