सिवनी के शराब तस्कर चौरई में धराए, 62.28 लीटर शराब और दुपहिया वाहन जब्त
एक आरोपी गिरफ्तार, दूसरा अंधेरे का फायदा उठाकर फरार
सिवनी के शराब तस्कर चौरई में धराए, 62.28 लीटर शराब जब्त; एक आरोपी फरार
Chhindwara 25 August 2026
छिंदवाड़ा यशो:- चौरई वृत्त के आबकारी अमले ने अवैध शराब परिवहन के खिलाफ कार्रवाई करते हुए सिवनी जिले के दो कथित शराब तस्करों को पकड़ने में सफलता हासिल की। कार्रवाई के दौरान 62.28 बल्क लीटर देशी-विदेशी शराब और एक दुपहिया वाहन जब्त किया गया। एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया, जबकि दूसरा अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया।
यह कार्रवाई कलेक्टर हरेन्द्र नारायण के निर्देश एवं सहायक आबकारी आयुक्त बीआर वैद्य के मार्गदर्शन में की गई। आबकारी अमले के अनुसार रविवार देर रात हलाल-चौरई-कुकरई तिराहे के समीप कुकरई मार्ग पर एक दुपहिया वाहन में सवार दो व्यक्तियों को रोकने का प्रयास किया गया। वाहन रुकते ही दोनों व्यक्ति भागने लगे। घेराबंदी कर एक व्यक्ति को पकड़ लिया गया, जबकि दूसरा अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया।
गवाहों की मौजूदगी में वाहन की तलाशी लेने पर दो नायलॉन के थैलों में देशी-विदेशी शराब बरामद हुई। इसमें 301 पाव देशी मसाला शराब और 45 पाव विदेशी व्हिस्की, कुल 62.28 बल्क लीटर शराब पाई गई। इसके साथ दुपहिया वाहन भी जब्त किया गया।
आबकारी विभाग ने सिवनी जिले के ललमटिया निवासी संदीप पटले को गिरफ्तार किया है। वहीं, इसी गांव का निवासी राकेश राजपूत मौके से फरार हो गया। दोनों आरोपियों के खिलाफ मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम की धारा 34(1)(क) एवं 34(2) के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी गई है।
पूछताछ में गिरफ्तार आरोपी संदीप पटले ने कथित तौर पर बताया कि शराब कहां से लाई गई थी और कहां पहुंचाई जानी थी, इसकी जानकारी फरार आरोपी राकेश राजपूत को थी। आबकारी अमला फरार आरोपी की तलाश के साथ शराब के स्रोत और संभावित डिलीवरी स्थल की जानकारी जुटाने में लगा है।
यह भी पढ़े :-
बरघाट जनपद अध्यक्ष आभा राहंगडाले के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव औंधे मुंह गिरा
कलेक्टर नेहा मीना ने अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश, CM हेल्पलाइन और जन-विश्वास अभियान की समीक्षा
श्रावण में शिवमय हुआ सिवनी, सातवें दिवस गूंजी धर्म, संस्कार और सद्भाव की अमृतवाणी
मंत्रों की शक्ति से माता-पिता की सेवा तक—शिव महापुराण कथा में सनातन जीवन मूल्यों का संदेश



