हर्रई में गुरुवार को जन-समस्या निवारण शिविर, अधिकारी सुनेंगे आमजन की समस्याएं
रक्षाबंधन के कारण शुक्रवार के बजाय गुरुवार को होगा शिविर; मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान के तहत जनसंवाद भी
हर्रई जन-समस्या निवारण शिविर, मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान के तहत होगा जनसंवाद
छिंदवाड़ा/हर्रई यशो:- आमजन की समस्याओं का मौके पर निराकरण और सरकारी योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान के अंतर्गत हर्रई में आज 27 अगस्त 2026, गुरुवार को जन-समस्या निवारण शिविर एवं जनसंवाद कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।
मूल रूप से यह कार्यक्रम प्रत्येक सप्ताह शुक्रवार को आयोजित किया जाना है, लेकिन 28 अगस्त को रक्षाबंधन का त्यौहार होने के कारण हर्रई विकासखंड में इस सप्ताह का शिविर एक दिन पहले गुरुवार को आयोजित करने का निर्णय लिया गया है।
समस्याओं के निराकरण पर रहेगा जोर
मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान के तहत आयोजित इन शिविरों का उद्देश्य आम नागरिकों की समस्याओं को सुनना, संबंधित विभागों के अधिकारियों की मौजूदगी में उनका त्वरित निराकरण करना तथा शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन को सुनिश्चित करना है।
शिविर में विभिन्न विभागों से संबंधित समस्याओं और शिकायतों को लेकर आमजन अपनी बात अधिकारियों के सामने रख सकेंगे। जनसंवाद के माध्यम से लोगों को शासन की योजनाओं और सुविधाओं की जानकारी भी दी जाएगी।
8 जनवरी 2027 तक चलेगा अभियान
मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान के अंतर्गत 7 अगस्त 2026 से 8 जनवरी 2027 तक प्रत्येक सप्ताह शुक्रवार को जन-समस्या निवारण शिविर एवं जनसंवाद कार्यक्रम आयोजित करने के लिए जिला प्रशासन द्वारा रोस्टर जारी किया गया है।
कलेक्टर हरेंद्र नारायन द्वारा जारी आदेश के अनुसार रक्षाबंधन के कारण हर्रई विकासखंड में 28 अगस्त के स्थान पर 27 अगस्त को शिविर आयोजित किया जा रहा है। कार्यक्रम के लिए पूर्व में निर्धारित स्थल एवं नोडल अधिकारी यथावत रहेंगे।
प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि वे अपनी समस्याओं और संबंधित दस्तावेजों के साथ शिविर में पहुंचकर इस सुविधा का लाभ उठाएं।
फर्जी ग्रामसभा प्रस्ताव से तालाब की लीज, पूर्व सचिव को 7 साल और ठेकेदार को 5 साल की सजा
ओंकारेश्वर में आज भव्य पंचायतन मंदिर का शिलान्यास करेंगे मुख्यमंत्री मोहन यादव
कांधों पर कांवड़, कांवड़ में मां नर्मदा का पवित्र जल लेकर निकले कांग्रेसजन
मिड-डे मील में इल्ली मिलने पर ग्रामीणों का फूटा गुस्सा, अधिकारियों पर लापरवाही का आरोप


