हर्षोल्लास से मना रक्षाबंधन पर्व, बहनों ने भाइयों की कलाई पर बांधा रक्षा सूत्र
पुलिसकर्मियों की कलाई पर भी सजा राखी; भाजपा की बहनों ने थानों में पहुंचकर टीआई सहित पुलिस स्टाफ का किया सम्मान
छिंदवाड़ा में हर्षोल्लास से मना रक्षाबंधन, पुलिसकर्मियों की कलाई पर भी बंधा रक्षा सूत्र
Chhindwara 27 August 2026
छिंदवाड़ा यशो:- सावन माह के समापन और पूर्णिमा के पावन अवसर पर नगर सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में रक्षाबंधन का पर्व हर्षोल्लास और उत्साह के साथ मनाया गया। सुबह से ही घर-आंगन से लेकर बाजारों तक पर्व की रौनक नजर आई।

बहनों ने भाइयों की कलाई पर रक्षा सूत्र बांधकर उनकी दीर्घायु, सुख-समृद्धि और खुशहाली की मंगलकामना की, वहीं भाइयों ने भी बहनों को उपहार भेंट कर उनकी रक्षा और सुखद जीवन का संकल्प दोहराया।
रक्षाबंधन को लेकर बच्चों में भी खासा उत्साह रहा। रंग-बिरंगी राखियों और मिठाइयों से सजे बाजारों में दिनभर चहल-पहल बनी रही। भाई-बहनों ने एक-दूसरे के साथ समय बिताकर प्रेम, स्नेह और विश्वास के इस पर्व को उत्साहपूर्वक मनाया।
फोटो 1 एवं 2—रक्षाबंधन पर्व पर भाई की कलाई पर राखी बांधती बहन।
सुरक्षा में तैनात पुलिसकर्मियों की कलाई पर भी बंधा रक्षा सूत्र
रक्षाबंधन के अवसर पर आमजन की सुरक्षा में दिन-रात तैनात रहने वाले पुलिसकर्मियों के प्रति सम्मान और अपनत्व का भाव भी देखने को मिला। भाजपा की बहनों ने छिंदवाड़ा के सिटी कोतवाली, थाना कुंडीपुरा एवं थाना देहात पहुंचकर टीआई सहित पुलिस स्टाफ की कलाई पर रक्षा सूत्र बांधा।

बहनों ने पुलिसकर्मियों को श्रीफल एवं रूमाल भेंट कर उनका मुंह मीठा कराया और उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। इस दौरान पुलिसकर्मियों ने भी बहनों के इस स्नेह और सम्मान के प्रति आभार व्यक्त किया।
सिटी कोतवाली में टीआई आशीष धुर्वे एवं पुलिस स्टाफ, थाना देहात में टीआई गोविन्द सिंह राजपूत एवं समस्त स्टाफ तथा थाना कुंडीपुरा में टीआई महेन्द्र भगत एवं पुलिसकर्मियों को रक्षा सूत्र बांधा गया।
इस अवसर पर बहनों ने कहा कि पुलिसकर्मी अपने परिवार से दूर रहकर जिस तरह दिन-रात आमजन की सुरक्षा में जुटे रहते हैं, उनके प्रति सम्मान और भाईचारे का भाव व्यक्त करना रक्षाबंधन के इस पवित्र पर्व को और भी सार्थक बनाता है।
यह भी पढ़े :-
राशन के चावल की गुणवत्ता पर सवाल, ग्रामीणों ने लेने से किया इनकार
गांव की चौखट तक पहुंचा प्रशासन, जनविश्वास शिविर में सुनीं ग्रामीणों की समस्याएं
गांव की चौखट तक पहुंचा प्रशासन, जनविश्वास शिविर में सुनीं ग्रामीणों की समस्याएं



