मध्यप्रदेशक्राइमसिवनी

आईटीआई छात्र को बंधक बनाकर पीटने वाले गिरोह के 4 और आरोपी गिरफ्तार; 9 जेल में, 1 अब भी फरार

वायरल वीडियो मामले में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 2 स्कूटी, बाइक, रस्सी, पाइप और मोबाइल जब्त; पीड़ित के घावों पर नमक-मिर्च लगाने का भी आरोप

आईटीआई छात्र बंधक मामला में 4 और आरोपी गिरफ्तार, 9 जेल में, 1 फरार

सिवनी यशो :- सोशल मीडिया पर वायरल हुए आईटीआई छात्र के साथ बर्बर मारपीट के मामले में सिवनी कोतवाली पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए चार और फरार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। इन गिरफ्तारियों के बाद अब तक 9 आरोपी और 4 विधिविरुद्ध बालकों को न्यायिक अभिरक्षा में भेजा जा चुका है, जबकि एक आरोपी संजय चंद्रवंशी अभी भी फरार है।

पुलिस के अनुसार, 14 जुलाई 2026 को सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो में कुछ युवक एक आईटीआई छात्र को बंधक बनाकर बेरहमी से पीटते हुए दिखाई दिए थे। वीडियो में आरोपियों द्वारा गाली-गलौज, जान से मारने की धमकी देने तथा पीड़ित के घावों पर नमक और मिर्च लगाने जैसी अमानवीय हरकतें भी सामने आई थीं।

पीड़ित सोहेल खान, निवासी भोमा (कान्हीवाड़ा) की शिकायत पर थाना कोतवाली में अपराध क्रमांक 626/2026 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं में मामला पंजीबद्ध कर जांच शुरू की गई।

चार और आरोपी गिरफ्तार

तकनीकी साक्ष्यों और लगातार की गई तलाश के आधार पर पुलिस ने 18 जुलाई को चार और फरार आरोपियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों में—

रोहित मानाठाकुर (36), रानी दुर्गावती वार्ड, सिवनी

आयुष उर्फ आदित्य मानाठाकुर (22), रानी दुर्गावती वार्ड, सिवनी

साहित्य उर्फ मोन्टू मानाठाकुर (22), रानी दुर्गावती वार्ड, सिवनी

उत्तम सनोडिया (22), ग्राम मरझोर, जिला सिवनी

शामिल हैं। सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।

घटना में इस्तेमाल वाहन और सामान जब्त

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त दो स्कूटी, एक टीवीएस मोटरसाइकिल, नायलॉन की रस्सी, पीवीसी पाइप और दो मोबाइल फोन जब्त किए हैं।

एक आरोपी अब भी फरार

पुलिस के अनुसार, इस मामले का एक अन्य आरोपी संजय चंद्रवंशी अभी फरार है, जिसकी तलाश के लिए लगातार दबिश दी जा रही है।

एसपी की चेतावनी

पुलिस अधीक्षक कृष्ण लालचंदानी ने कहा कि जिले में गुंडागर्दी और संगठित अपराध करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। किसी भी व्यक्ति को कानून हाथ में लेने की अनुमति नहीं दी जाएगी।

Dainikyashonnati

Related Articles

Back to top button