509 पटवारियों के हुए तबादले, राजस्व विभाग में बड़ा फेरबदल
Bhopal 16 June 2025
मध्यप्रदेश सरकार ने राजस्व विभाग में बड़ा प्रशासनिक बदलाव करते हुए 509 पटवारियों के तबादले किए हैं। भू-अभिलेख आयुक्त अनुभा श्रीवास्तव द्वारा जारी आदेश में यह स्पष्ट किया गया है कि स्थानांतरण प्रशासनिक आवश्यकता एवं संविलयन नीति के अंतर्गत किए गए हैं।
तबादले की यह प्रक्रिया उन पटवारियों के लिए की गई है जो लंबे समय से एक ही स्थान पर पदस्थ थे। अब उन्हें प्रशासनिक संतुलन और विभागीय कार्यों की गति को बनाए रखने के उद्देश्य से एक जिले से दूसरे जिले में स्थानांतरित किया गया है।
तबादला नीति के प्रमुख बिंदु:
स्थानांतरित सभी पटवारियों को नवआवंटित जिले में जॉइन करना अनिवार्य होगा।
केवल वे पटवारी जिनकी नियुक्ति पटवारी परीक्षा 2022 के परिणाम (घोषित 16 फरवरी 2024) से पूर्व हुई है, वे ही दूसरे जिले में संविलियन हेतु पात्र हैं।
आपराधिक प्रकरण में लिप्त पटवारियों को तबादले की अनुमति नहीं दी गई है।
स्थानांतरण के क्रम में प्रदेशभर के कलेक्टर अपने जिले के पटवारियों को गृह तहसील से भी हटा रहे हैं, ताकि पारदर्शिता और निष्पक्षता बनी रहे।
गौरतलब है कि मध्यप्रदेश में कुल 22,000 से अधिक पटवारी पदस्थ हैं और इस स्थानांतरण प्रक्रिया को विभागीय पुनर्गठन की दिशा में एक अहम कदम माना जा रहा है। यह निर्णय आने वाले समय में राजस्व संबंधी कार्यों की दक्षता और पारदर्शिता को बढ़ावा देगा।
transfer (1)



