शहर के 70 प्रतिशत मकान, दुकान प्लाट की लीज अवधि समाप्त
नवीनकरण के लिये नजूल विभाग (Nazul Department) के पास नहीं पर्याप्त स्टाफ, लीजधारी हो रहे परेशान
Seoni 20 May 2025
सिवनी यशो :- सिवनी शहर के अन्तर्गत नजूल भूमि में स्थायी पट्टा, लीज नवीनीकरण का कार्य प्रारंभ हो गया है, 31 मार्च 2025 को नजूल भूमि की लीज की अवधि समाप्त हो चुकी है, सिवनी शहर की लगभग 70 प्रतिशत मकान, प्लाट नजूल के अन्तर्गत आते है। अधिकांश लीजधारी के पास पट्टे और लीज नवीनीकरण से संबंधित मूल दस्तावेज उपलब्ध नहीं है। लीजधारी को यह दस्तावेज नजूल कार्यालय, राजस्व निरीक्षक से ही प्राप्त करना होगा। उक्ताशय की बात नगर पालिका परिषद के स्वास्थ्य सभापति राजिक अकील ने प्रेस को जारी विज्ञप्ति में कही है ।
श्री अकील ने अपनी विज्ञप्ति में आगे कहा कि इतने अधिक भूमि के स्थायी पट्टे, लीज के नवीनीकरण के लिए नजूल विभाग में कार्य करने के लिए अनेक राजस्व निरीक्षक सहित अधिक संख्या में अमले की आवश्यकता होगी, जो कि वर्तमान में नजूल विभाग के पास नहीं है, मात्र 2 राजस्व निरीक्षक जिसमें एक महिला भी है यह कार्य कर रहें है। स्थायी पट्टा और लीज नवीनीकरण के लिए जितने भी दस्तावेज लग रहें है स्थायी लीज, स्थायी पट्टा, खसरा, नामांतरण बटवारे का आदेश इत्यादि अधिकांश दस्तावेज राजस्व निरीक्षक से ही संबंधित है।
लीजधारी स्थायी पट्टे और नवीनीकरण के लिए अनेक चक्कर राजस्व निरीक्षक और नजूल विभाग के लगा रहें है जबकि अभी 10 प्रतिशत आवेदन भी जमा नहीं हो पाये है।
श्री अकील ने कहा है कि नजूल स्थायी पट्टा, लीज नवीनीकरण के कार्य यदि बिना परेशानी के शीघ्र करना हो तो जिला कलेक्टर और अनुविभागीय अधिकारी शहर को इस कार्य के लिए नजूल विभाग में राजस्व निरीक्षकों और संबंधित अमले की संख्या को बढ़ाना होगा।



