सेमरखापा स्कूल में 9 छात्राओं को मिली नि:शुल्क साइकिलें
ग्राम पंचायत सरपंच के मुख्य आतिथ्य में संपन्न हुआ कार्यक्रम
Mandla 19 July 2025
मंडला यशो: – सरकार की नि:शुल्क साईकिल वितरण योजना के तहत पीएम श्री शासकीय हाईस्कूल सेमरखापा में गत दिवस नि:शुल्क साइकिल वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया जिसमें 9 पात्र छात्राओं को साइकिलें प्रदान की गईं। इस पहल का उद्देश्य दूरदराज से आने वाली छात्राओं को स्कूल पहुंचने में सुविधा देना और उनकी शिक्षा को आसान बनाना है।
कार्यक्रम और अतिथिगण
यह कार्यक्रम ग्राम पंचायत सेमरखापा के सरपंच श्री सुशील भारतीया की मुख्य आतिथ्य में संपन्न हुआ, जबकि पंच हुकूमचंद पटेल विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे।
शिक्षा के महत्व पर जोर
सरपंच श्री सुशील भारतीया ने छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि “शिक्षा ही असली संपत्ति है और आज की बालिकाएं ही कल के सशक्त समाज की नींव रखेंगी।” प्राचार्य श्री कृष्ण कुमार हरदहा ने भी इस योजना की प्रशंसा की और छात्राओं को नियमित रूप से स्कूल आने और पढ़ाई में उत्कृष्टता प्राप्त करने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर नि:शुल्क साइकिल प्रभारी श्रीमती अनुसूईया मरावी, अन्य शिक्षक, अभिभावक और छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।



