सचिव को हटाओ, नहीं तो धरना: बिछुआमाल पंचायत का प्रशासन को अल्टीमेटम
छह शिकायतें और दो जनसुनवाई आवेदन के बाद भी कार्रवाई नहीं होने का आरोप
बिछुआमाल सचिव विवाद, सचिव हटाने की मांग
कुरई/सिवनी यशो :- ग्राम पंचायत बिछुआमाल के सरपंच, उपसरपंच एवं पंचों ने ग्राम पंचायत सचिव अनतलाल गेडाम को हटाने की मांग को लेकर जनपद पंचायत कुरई प्रशासन को अंतिम चेतावनी दे दी है। ग्रामवासियों ने आरोप लगाया है कि सचिव की कार्यप्रणाली के कारण पिछले छह माह से पंचायत के विकास कार्य प्रभावित हैं और अनेक शिकायतों के बावजूद प्रशासन द्वारा कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई।
मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जनपद पंचायत कुरई को सौंपे गए ज्ञापन में बताया गया है कि सचिव के विरुद्ध पूर्व में छह लिखित शिकायतें तथा दो आवेदन कलेक्टर जनसुनवाई में प्रस्तुत किए जा चुके हैं। इसके बावजूद जांच अथवा स्थानांतरण संबंधी कोई प्रभावी कदम नहीं उठाया गया।
19 जून से धरने की चेतावनी
ज्ञापन में कहा गया है कि यदि 19 जून 2026 को प्रातः 11 बजे तक सचिव अनतलाल गेडाम को प्रशासनिक आधार पर हटाकर अन्य सचिव की पदस्थापना नहीं की जाती है, तो ग्रामवासी, सरपंच, उपसरपंच एवं पंचगण जनपद पंचायत कुरई कार्यालय के समक्ष अनिश्चितकालीन धरना प्रदर्शन प्रारंभ करेंगे।
शांतिपूर्ण आंदोलन का दावा
आंदोलनकारियों ने स्पष्ट किया है कि प्रस्तावित धरना पूरी तरह शांतिपूर्ण और अहिंसक होगा। ज्ञापन में उल्लेख किया गया है कि किसी भी प्रकार का मार्ग अवरोध, सरकारी कार्य में बाधा अथवा कानून-व्यवस्था भंग करने का प्रयास नहीं किया जाएगा।
प्रशासन को दी अग्रिम सूचना
ग्राम पंचायत प्रतिनिधियों ने प्रशासन से जनहित एवं शांति व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए समय-सीमा के भीतर आवश्यक कार्रवाई करने का आग्रह किया है। साथ ही चेतावनी दी है कि निर्धारित अवधि के बाद उत्पन्न होने वाली परिस्थितियों की जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।
ज्ञापन की प्रतिलिपि कलेक्टर सिवनी, अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) कुरई तथा थाना प्रभारी कुरई को भी भेजी गई है।



