धर्ममध्यप्रदेशसिवनी

12 दिन गूंजेगा गणपति बप्पा का जयघोष! 111 किलो लड्डुओं का लगेगा महाभोग

14 से 25 सितंबर तक श्री गणेश मंदिर में प्रतिदिन पूजन, आरती, सहस्रनाम पाठ और भजन-कीर्तन; 25 सितंबर को हवन-पूजन व महाप्रसाद के साथ होगा समापन

सिवनी में 12 दिवसीय गणेश प्रकटोत्सव, 111 किलो लड्डुओं का महाभोग

सिवनी यशो:- नगर के शंकराचार्य चौक स्थित श्री गणेश मंदिर में पूर्व वर्षों की परंपरा के अनुसार इस वर्ष भी भगवान श्री गणेशजी का प्रकटोत्सव श्रद्धा, भक्ति और धार्मिक उल्लास के साथ मनाया जाएगा। मंदिर समिति द्वारा 14 से 25 सितंबर 2026 तक 12 दिवसीय धार्मिक आयोजन की व्यापक तैयारियां की गई हैं।

प्रकटोत्सव के दौरान प्रतिदिन भगवान श्री गणेशजी का भव्य श्रृंगार, पूजन-अर्चन, आरती, सहस्रनाम पाठ, भजन-कीर्तन और लड्डुओं का महाभोग लगाया जाएगा। आयोजन को लेकर श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखा जा रहा है।

पहले दिन 11 से 111 किलो तक लड्डुओं का महाभोग

प्रकटोत्सव के प्रथम दिवस भगवान श्री गणेशजी को श्रद्धालुओं की ओर से 11 किलो से लेकर 111 किलो तक लड्डुओं का महाभोग अर्पित किया जाएगा। इसमें 11, 22, 33, 44, 55, 66, 77, 88, 99, 101 एवं 111 किलो के लड्डुओं का भोग शामिल रहेगा।

महाभोग के बाद श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया जाएगा। आयोजन के सभी दिनों में भगवान श्री गणेशजी को लड्डुओं का महाभोग अर्पित किया जाएगा।

मंदिर समिति के अनुसार प्रकटोत्सव के अवसर पर भगवान श्री गणेशजी को सोंठ के लड्डुओं का भोग लगाने का विशेष धार्मिक महत्व माना जाता है। श्रद्धालु अपनी श्रद्धानुसार कम से कम पांच सोंठ के लड्डू अर्पित कर सकते हैं। लड्डुओं की संख्या सवाया रखना शुभ माना जाता है।

सुबह पूजन, दोपहर में भजन-कीर्तन और रात में आरती

14 से 25 सितंबर तक प्रतिदिन प्रातः 8 से 9 बजे भगवान श्री गणेशजी का श्रृंगार, पूजन, आरती एवं सहस्रनाम पाठ होगा।

दोपहर 3 से शाम 5 बजे तक महिला मंडल द्वारा भजन-कीर्तन किया जाएगा। वहीं प्रतिदिन रात्रि 8:30 बजे आरती एवं प्रसाद वितरण होगा।

20 सितंबर को दूर्वा-शमी से होगा सहस्र अर्चन

विशेष धार्मिक आयोजनों के क्रम में 20 सितंबर को दोपहर 1 से 3 बजे तक दूर्वा एवं शमी पत्रों से सहस्र अर्चन किया जाएगा। वहीं 24 सितंबर को दोपहर 12 बजे कन्या भोजन का आयोजन रखा गया है।

25 सितंबर को हवन-पूजन, दीपदान और महाप्रसाद

प्रकटोत्सव के अंतिम दिन 25 सितंबर को दोपहर 1 से शाम 5 बजे तक हवन-पूजन एवं दीपदान किया जाएगा। इसके बाद शाम 6 से रात 8 बजे तक महाप्रसाद वितरण होगा।

महाप्रसाद के साथ ही भगवान श्री गणेशजी के 12 दिवसीय प्रकटोत्सव का विधिवत समापन किया जाएगा।

श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील

श्री गणेश मंदिर समिति ने नगर एवं आसपास के श्रद्धालुओं से प्रकटोत्सव के सभी धार्मिक आयोजनों में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर भगवान श्री गणेशजी का आशीर्वाद प्राप्त करने और आयोजन में सहयोग कर धर्मलाभ अर्जित करने की अपील की है।

भगवान श्री गणेशजी के भव्य श्रृंगार एवं पूजन-अर्चन के लिए श्रद्धालु मंदिर के पुजारी पं. हरिकुमार तिवारी से संपर्क कर सकते हैं।

Dainikyashonnati

Related Articles

Back to top button