रबी सिंचाई से पहले नहरों की मरम्मत और सफाई पूरी करें: कलेक्टर नेहा मीना
जिला जल उपयोगिता समिति की बैठक में 1.41 लाख हेक्टेयर से अधिक सिंचाई लक्ष्य की समीक्षा, नहर निर्माण में देरी पर जताई चिंता
रबी सिंचाई की तैयारियों पर कलेक्टर नेहा मीना के सख्त निर्देश
सिवनी, 30 सितंबर 2026
सिवनी यशो:- कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में बुधवार को कलेक्टर श्रीमती नेहा मीना की अध्यक्षता में जिला जल उपयोगिता समिति की बैठक आयोजित हुई। बैठक में विधायक केवलारी रजनीश सिंह, पूर्व विधायक राकेश पाल, सीईओ जिला पंचायत श्रीमती अंजली शाह सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं विभिन्न क्षेत्रों के किसान प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
बैठक में वर्ष 2026-27 की खरीफ सिंचाई की समीक्षा के साथ आगामी रबी सिंचाई के लक्ष्य, जल उपलब्धता और संचालन की प्रस्तावित योजना पर विस्तार से चर्चा की गई। कलेक्टर श्रीमती मीना ने स्पष्ट निर्देश दिए कि रबी सीजन में किसानों को निर्धारित समय पर पर्याप्त सिंचाई सुविधा उपलब्ध कराना प्राथमिकता है। इसके लिए सभी आवश्यक तैयारियां समय सीमा में पूरी की जाएं।
संजय सरोवर परियोजना से 73,030 हेक्टेयर सिंचाई का लक्ष्य
कार्यपालन यंत्री तिलवारा बायीं तट नहर संभाग केवलारी द्वारा बताया गया कि संजय सरोवर वृहद परियोजना के अंतर्गत वर्ष 2026-27 में रबी सिंचाई के लिए 73,030 हेक्टेयर क्षेत्र का लक्ष्य प्रस्तावित है। परियोजना की दांयी एवं बायीं तट नहरों से पलेवा एवं दो पानी प्रदाय किया जाना प्रस्तावित है। वहीं रूमाल माध्यम जलाशय से 850 हेक्टेयर क्षेत्र में सिंचाई का लक्ष्य रखा गया है।
पेंच व्यपवर्तन परियोजना में 42,785 हेक्टेयर सिंचाई प्रस्तावित
बैठक में पेंच व्यपवर्तन परियोजना के अंतर्गत सिवनी जिले की बखारी एवं सिवनी शाखा से प्रस्तावित सिंचाई की भी समीक्षा की गई। अधिकारियों ने बताया कि इन शाखाओं के माध्यम से 42,785 हेक्टेयर क्षेत्र में सिंचाई प्रस्तावित है।
इस दौरान किसान प्रतिनिधियों ने नहर निर्माण कार्य की धीमी गति को लेकर आपत्ति दर्ज कराई। कलेक्टर श्रीमती मीना ने किसान प्रतिनिधियों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित निर्माणकर्ता के साथ सीईओ जिला पंचायत श्रीमती अंजली शाह की अध्यक्षता में बैठक आयोजित कर निर्माण कार्य की प्रगति की समीक्षा करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने कहा कि निर्माण कार्य में अनावश्यक देरी के कारण किसानों को परेशानी नहीं होनी चाहिए। उन्होंने आवश्यक गति के साथ कार्य को निर्धारित समय में पूर्ण कराने के निर्देश दिए।
अतिवृष्टि से क्षतिग्रस्त नहरों की जल्द होगी मरम्मत
कलेक्टर श्रीमती मीना ने रबी सिंचाई शुरू होने से पहले अतिवृष्टि से क्षतिग्रस्त नहरों की मरम्मत एवं सुधार कार्य प्राथमिकता से पूर्ण कराने के निर्देश दिए। उन्होंने नहरों की सफाई के लिए व्यवस्थित कार्ययोजना तैयार कर कार्य शीघ्र प्रारंभ करने को कहा।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सिंचाई व्यवस्था से जुड़ी समस्याओं का निराकरण केवल कागजी स्तर पर नहीं, बल्कि मैदानी स्तर पर दिखाई देना चाहिए। जल उपलब्धता, नहरों की स्थिति और पानी के वितरण की नियमित निगरानी की जाए तथा किसानों से प्राप्त शिकायतों एवं सुझावों पर प्राथमिकता से कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
74 सिंचाई परियोजनाओं से 25,314 हेक्टेयर क्षेत्र में सिंचाई की योजना
बैठक में संभाग क्रमांक-1 के अंतर्गत आने वाली 74 मध्यम एवं लघु सिंचाई परियोजनाओं में जल उपलब्धता की स्थिति की भी जानकारी दी गई। इन परियोजनाओं के माध्यम से रबी सीजन में पलेवा एवं पानी प्रदाय की प्रस्तावित योजना के तहत 25,314 हेक्टेयर क्षेत्र में सिंचाई का लक्ष्य प्रस्तावित किया गया है।
कलेक्टर श्रीमती मीना ने सभी संबंधित अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए रबी सिंचाई शुरू होने से पहले नहरों की मरम्मत, सफाई, जल उपलब्धता, वितरण व्यवस्था एवं अन्य सभी आवश्यक तैयारियां पूर्ण करने के निर्देश दिए, ताकि किसानों को उनकी फसलों के लिए समय पर पर्याप्त सिंचाई सुविधा उपलब्ध हो सके।



