तेंदूपत्ता संग्राहकों को 36.17 करोड़ का बोनस, मंडला को 460 करोड़ की विकास सौगात
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव बोले—जनजातीय समुदाय प्रदेश की धरोहर, वनोपज से जुड़ी आजीविका को मजबूत करना सरकार की प्राथमिकता
मंडला में तेंदूपत्ता संग्राहकों को 36.17 करोड़ बोनस, 460 करोड़ के विकास कार्य
मंडला यशो :- मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि प्रकृति पूजक जनजातीय समुदाय मध्यप्रदेश की अमूल्य धरोहर है। प्राणवायु देने वाले वनों की सुरक्षा, संवर्धन और प्रबंधन में जनजातीय समाज का योगदान अतुलनीय है। सरकार का संकल्प है कि तेंदूपत्ता संग्राहकों सहित सभी जनजातीय भाई-बहनों को उनका वाजिब हक, मेहनत का पूरा सम्मान और उनके हितों की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए। वनोपज आधारित आजीविका को मजबूत कर जनजातीय परिवारों के आर्थिक सशक्तिकरण के लिए राज्य सरकार लगातार कार्य कर रही है।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने मंडला जिले में प्राथमिक वनोपज सहकारी समितियों के सदस्यों के प्रशिक्षण-सह-जागरूकता कार्यक्रम एवं तेंदूपत्ता बोनस वितरण कार्यक्रम में सहभागिता की। इस दौरान उन्होंने प्रदेश के आठ वन मंडलों के 9 लाख 4 हजार 126 तेंदूपत्ता संग्राहकों को वर्ष 2024 के बोनस के रूप में 36 करोड़ 17 लाख 37 हजार 518 रुपये की राशि का अंतरण किया।
इसमें मंडला के पूर्व एवं पश्चिम वन मंडल, सिवनी के उत्तर एवं दक्षिण वन मंडल, बालाघाट के उत्तर एवं दक्षिण वन मंडल, डिंडोरी तथा जबलपुर वन मंडल के तेंदूपत्ता संग्राहक शामिल हैं। मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश के 21 लाख से अधिक तेंदूपत्ता संग्राहकों को वर्ष 2024 के बोनस के रूप में लगभग 139 करोड़ रुपये से अधिक की राशि वितरित की जाएगी।
वन समितियों के 40 हजार सदस्यों को 26.56 करोड़ का काष्ठ लाभांश
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने मंडला जिले के जंगलों की रक्षा में वन विभाग का सहयोग करने वाली 84 वन समितियों के करीब 40 हजार सदस्यों को 26 करोड़ 56 लाख 53 हजार 929 रुपये की काष्ठ लाभांश राशि भी वितरित की।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्यमंत्री ने कन्या पूजन, रानी दुर्गावती तथा राजा शंकर शाह-कुंवर रघुनाथ शाह के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया।
मंडला को 460 करोड़ के 74 विकास कार्यों की सौगात
मुख्यमंत्री ने मंडला जिले के लिए लगभग 460 करोड़ रुपये लागत के 74 विकास कार्यों का भूमि पूजन एवं लोकार्पण किया। इनमें 263 करोड़ रुपये से अधिक के 47 विकास कार्यों का भूमि पूजन तथा 197 करोड़ रुपये से अधिक लागत के 27 विकास कार्यों का लोकार्पण शामिल है।
मुख्यमंत्री ने 75.28 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले 19 शासकीय हाईस्कूल भवनों, 33.92 करोड़ रुपये से बनने वाले नवीन एकीकृत कलेक्टर कार्यालय भवन, 14.80 करोड़ रुपये के नर्सिंग कॉलेज भवन तथा एक करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले ट्राईबल मल्टीपर्पज मार्केटिंग सेंटर का भूमि पूजन किया।
इसके साथ ही 137.11 करोड़ रुपये की लागत से निवास, बिछिया, घुटास और सागर में नवनिर्मित चार सांदीपनि विद्यालय भवनों का लोकार्पण किया।
मोहगांव और घुघरी में खुलेंगे शासकीय महाविद्यालय
स्थानीय जनप्रतिनिधियों की मांग पर मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने मंडला जिले के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। उन्होंने मोहगांव और घुघरी में शासकीय महाविद्यालय खोलने की घोषणा की।
मंडला में लघु वनोपज की प्रचुर उपलब्धता को देखते हुए लघु वनोपज की प्रोसेसिंग यूनिट स्थापित करने की घोषणा भी की गई। इसके अलावा पर्यटकों को वन्यजीव देखने की स्थानीय सुविधा उपलब्ध कराने के लिए मंडला में टाइगर सफारी जू बनाए जाने की बात कही।
मुख्यमंत्री ने मंडला में पान की खेती पुनः शुरू कराने तथा जिले में आवश्यकता के अनुसार दुग्ध सहकारी समितियां गठित करने की घोषणा भी की। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश के दूध उत्पादन को देश के वर्तमान 12 प्रतिशत से बढ़ाकर 20 प्रतिशत तक ले जाने का लक्ष्य है।
जनजातीय नायकों के सम्मान और विरासत संरक्षण पर जोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि जनजातीय समाज के समग्र विकास के साथ उनकी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत का संरक्षण भी सरकार की जिम्मेदारी है। रानी दुर्गावती, राजा भभूत सिंह सहित अन्य जनजातीय नायकों के सम्मान में सरकार द्वारा किए जा रहे प्रयास जनजातीय वीरों के प्रति सम्मान और कृतज्ञता का प्रमाण हैं।
उन्होंने कहा कि वर्ष 2024 का तेंदूपत्ता बोनस और काष्ठ लाभांश वन समितियों एवं वनोपज संग्राहकों की मेहनत और समर्पण का प्रतिफल है। सरकार का प्रयास है कि वन क्षेत्रों से लगे गांवों में वनोपज संग्रहण आधारित अर्थव्यवस्था विकसित हो और संग्राहकों को उनकी मेहनत का बेहतर मूल्य मिले।
सांदीपनि विद्यालयों और शिक्षा पर भी मुख्यमंत्री का फोकस
मुख्यमंत्री ने कहा कि मंडला विकास की दौड़ में किसी से पीछे नहीं है। यहां मेडिकल कॉलेज बनने जा रहा है और नर्सिंग कॉलेज का भूमि पूजन हो चुका है। उन्होंने कहा कि सांदीपनि विद्यालयों के निर्माण से प्रदेश में ड्रॉपआउट को शून्य करने की दिशा में प्रभावी परिणाम मिले हैं।
उन्होंने बताया कि बोर्ड परीक्षाओं में 75 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को लैपटॉप तथा स्कूल में टॉप करने वाले विद्यार्थियों को स्कूटी प्रदान की जा रही है।
कार्यक्रम में लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी मंत्री श्रीमती सम्पतिया उईके, पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं मंडला सांसद फग्गन सिंह कुलस्ते, कुटीर एवं ग्रामोद्योग राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) एवं मंडला जिले के प्रभारी मंत्री दिलीप जायसवाल, जिला पंचायत अध्यक्ष संजय कुशराम, नगरपालिका अध्यक्ष विनोद कछवाहा, नवीनगिरि गोस्वामी सहित जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में तेंदूपत्ता संग्राहक उपस्थित रहे।



