सिवनीमध्यप्रदेश

11 छात्राओं की शिकायत पर सिवनी में सियासी संग्राम, भाजपा महिला मोर्चा ने कांग्रेस सांसद का पुतला फूंका

गांधी चौक पर कांग्रेस के खिलाफ जोरदार नारेबाजी, निशा नाग और मीना बिसेन के नेतृत्व में प्रदर्शन; आरोपी सांसद के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग

सिवनी में भाजपा महिला मोर्चा का प्रदर्शन, कांग्रेस सांसद का पुतला दहन

सिवनी यशो :- जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (जेएनयू) के प्रोफेसर एवं कांग्रेस सांसद डॉ. अंगोमचा बिमोल अकोइजम के खिलाफ 11 छात्राओं की ओर से दर्ज कराई गई कथित यौन उत्पीड़न संबंधी शिकायतों को लेकर सिवनी में राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है। मामले के विरोध में भाजपा महिला मोर्चा ने स्थानीय गांधी चौक पर जोरदार प्रदर्शन करते हुए कांग्रेस के खिलाफ नारेबाजी की और सांसद का पुतला दहन किया। प्रदर्शन के माध्यम से महिला मोर्चा ने महिला सुरक्षा, सम्मान और जवाबदेही का मुद्दा उठाते हुए कांग्रेस नेतृत्व से अपना रुख स्पष्ट करने की मांग की।

सिवनी के गांधी चौक पर भाजपा महिला मोर्चा का विरोध प्रदर्शन और पुतला दहन
सिवनी में भाजपा महिला मोर्चा का प्रदर्शन, कांग्रेस सांसद का पुतला दहन

भाजपा जिला अध्यक्ष श्रीमती मीना बिसेन एवं भाजपा महिला मोर्चा की जिला अध्यक्ष श्रीमती निशा नाग के नेतृत्व में महिला कार्यकर्ता और भाजपा पदाधिकारी कचहरी चौक पर एकत्रित हुए। यहां से विरोध के स्वर बुलंद करते हुए कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस पार्टी, राहुल गांधी, मल्लिकार्जुन खड़गे और संबंधित सांसद के खिलाफ नारेबाजी की। इसके बाद गांधी चौक पर सांसद का पुतला दहन कर अपना विरोध दर्ज कराया।

निशा नाग का सवाल—महिला सम्मान के मुद्दे पर कांग्रेस नेतृत्व मौन क्यों?

भाजपा महिला मोर्चा जिला अध्यक्ष श्रीमती निशा नाग ने मामले की निंदा करते हुए कहा कि जेएनयू की 11 छात्राओं की ओर से प्रोफेसर के खिलाफ यौन उत्पीड़न और अनुचित व्यवहार की शिकायतें दर्ज कराए जाने का मामला गंभीर है। उन्होंने कहा कि शिक्षण संस्थानों में छात्राओं की सुरक्षा और सम्मान सर्वोपरि होना चाहिए तथा ऐसे मामलों में निष्पक्ष जांच और नियमानुसार सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जानी चाहिए।

सिवनी के गांधी चौक पर भाजपा महिला मोर्चा का विरोध प्रदर्शन और पुतला दहन
सिवनी में भाजपा महिला मोर्चा का प्रदर्शन, कांग्रेस सांसद का पुतला दहन

निशा नाग ने कांग्रेस नेतृत्व पर निशाना साधते हुए कहा कि सोनिया गांधी और प्रियंका गांधी सहित कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं को महिला सम्मान के मुद्दे पर अपनी स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए। उन्होंने सवाल उठाया कि जब महिलाओं की सुरक्षा और अधिकारों की बात आती है, तो कांग्रेस नेतृत्व अपने सांसद से जुड़े इस मामले पर क्या रुख अपनाता है?

उन्होंने मांग की कि मामले में कानून के अनुरूप कार्रवाई सुनिश्चित की जाए और किसी भी स्तर पर दोषी पाए जाने वाले व्यक्ति को जवाबदेही से बचने का अवसर नहीं मिलना चाहिए।

मीना बिसेन ने कांग्रेस को घेरा, महिला सुरक्षा पर उठाए सवाल

भाजपा जिला अध्यक्ष श्रीमती मीना बिसेन ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान के मुद्दे पर राजनीतिक दलों को दोहरा रवैया नहीं अपनाना चाहिए। उन्होंने कहा कि जेएनयू की छात्राओं की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए मामले की निष्पक्ष जांच और नियमानुसार कार्रवाई जरूरी है।

मीना बिसेन ने आरोप लगाया कि कांग्रेस नेतृत्व इस प्रकरण पर अपेक्षित स्पष्टता नहीं दिखा रहा है। उन्होंने कहा कि महिला सुरक्षा के मुद्दे पर राजनीतिक बयानबाजी से आगे बढ़कर पीड़िताओं को न्याय दिलाने और जवाबदेही सुनिश्चित करने के लिए ठोस रुख अपनाना चाहिए।

उन्होंने भाजपा महिला मोर्चा की ओर से मांग उठाई कि संबंधित सांसद के खिलाफ प्रकरण में कानून के अनुसार कठोर कार्रवाई की जाए तथा महिलाओं के सम्मान से जुड़े मामलों में किसी प्रकार का राजनीतिक संरक्षण नहीं होना चाहिए।

जेएनयू की कार्रवाई के बाद मामले ने पकड़ा तूल

गौरतलब है कि जेएनयू ने 9 अक्टूबर को आंतरिक समिति की जांच के बाद प्रोफेसर अंगोमचा बिमोल अकोइजम को विश्वविद्यालय की सेवा से बर्खास्त करने का आदेश जारी किया था। इसके बाद 11 अक्टूबर को विश्वविद्यालय के मुख्य सुरक्षा अधिकारी की शिकायत पर दिल्ली पुलिस ने यौन उत्पीड़न और महिला की गरिमा को ठेस पहुंचाने से संबंधित आरोपों में एफआईआर दर्ज की। सांसद ने अपने खिलाफ लगे आरोपों को खारिज करते हुए जांच प्रक्रिया पर भी सवाल उठाए हैं।

इसी घटनाक्रम को लेकर सिवनी में भाजपा महिला मोर्चा ने विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने मांग की कि मामले में निष्पक्ष जांच हो, छात्राओं को न्याय मिले और कानून के अनुसार जिम्मेदारी तय की जाए।

महिला मोर्चा के प्रदर्शन में भाजपा पदाधिकारी भी रहे शामिल

प्रदर्शन के दौरान पूर्व सांसद श्रीमती नीता पटेरिया, भाजपा जिला उपाध्यक्ष श्रीमती गोमती ठाकुर, श्रीमती इमरता साहू, श्रीमती निशा पटेल, श्रीमती किरण वाहने, सुश्री रानी बघेल, बिंदू बघेल, श्रीमती नीतू दुबे, अनीता राठौर, भाजपा जिला महामंत्री गजानन पंचेश्वर, संतोष नगपुरे, पूर्व जिला अध्यक्ष प्रेम तिवारी, संजू मिश्रा, अनुसूचित जाति मोर्चा जिला अध्यक्ष वीरेंद्र डहेरिया, राजू यादव सहित बड़ी संख्या में महिला कार्यकर्ता एवं भाजपा पदाधिकारी उपस्थित रहे।

प्रदर्शन के माध्यम से भाजपा महिला मोर्चा ने महिला सुरक्षा और सम्मान के मुद्दे पर अपना विरोध दर्ज कराते हुए संबंधित मामले में निष्पक्ष जांच, जवाबदेही और कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की मांग दोहराई।

Dainikyashonnati

Related Articles

Back to top button