बरघाट को विकास की बड़ी सौगात: विधायक कमल मर्सकोले के नेतृत्व में मुख्यमंत्री से मुलाकात, सड़क चौड़ीकरण समेत कई कार्यों को मिली मंजूरी
नगर परिषद अध्यक्ष इमरता साहू ने भोपाल में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और आयुक्त से की चर्चा, फायर वाहन, गीता भवन और बेर तालाब सौंदर्यीकरण पर भी बनी सहमति
Seoni, 13 July 2026
सिवनी यशो:- नगर बरघाट के समग्र विकास को नई गति देने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल करते हुए बरघाट विधायक कमल मर्सकोले के नेतृत्व में नगर परिषद अध्यक्ष श्रीमती इमरता साहू ने 9 जुलाई को भोपाल में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव तथा मध्यप्रदेश सड़क विकास निगम (एमपीआरडीसी) के प्रबंध निदेशक भरत यादव एवं नगरीय प्रशासन एवं विकास संचालनालय के आयुक्त संकेत भोंडवे से सौजन्य मुलाकात कर नगर के विकास कार्यों पर विस्तृत चर्चा की।
बैठक में नगर बरघाट की आधारभूत सुविधाओं के विस्तार तथा दीर्घकालिक विकास से जुड़े अनेक महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर सकारात्मक सहमति बनी। नगर परिषद अध्यक्ष श्रीमती इमरता साहू ने बताया कि द्वितीय चरण के अंतर्गत नगर के मुख्य मार्ग का चौड़ीकरण एवं डिवाइडर निर्माण कार्य उत्कृष्ठ विद्यालय से बघेल किराना स्टोर तथा महाराणा प्रताप चौक से श्याम पेट्रोल पंप तक किए जाने के प्रस्ताव को ए++ श्रेणी में शामिल कर स्वीकृति प्रदान की गई है।
उन्होंने बताया कि नगर में बढ़ती आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए एक फायर वाहन, गीता भवन निर्माण तथा बेर तालाब के सौंदर्यीकरण को भी स्वीकृति प्रदान की गई है। इन कार्यों के पूर्ण होने से नगर की आधारभूत सुविधाएं मजबूत होंगी तथा नागरिकों को बेहतर शहरी सुविधाएं उपलब्ध होंगी।
नगर परिषद अध्यक्ष श्रीमती इमरता साहू ने कहा कि इन सभी विकास कार्यों को लेकर हुई चर्चा एवं स्वीकृतियों में विधायक कमल मर्सकोले का मार्गदर्शन और नेतृत्व महत्वपूर्ण रहा। उन्होंने कहा कि विधायक के सतत प्रयासों से बरघाट नगर के विकास को नई दिशा मिल रही है।
इस अवसर पर भाजपा जिला अध्यक्ष श्रीमती मीना बिसेन, नगर परिषद अध्यक्ष श्रीमती इमरता साहू, नगर परिषद सभापति असंत उइके सहित अन्य जनप्रतिनिधि भी उपस्थित रहे।



