सड़क पर शराब पार्टी कर रहे थे दबंग, रास्ता मांगने पर युवक को चाकुओं से गोदा
कार हटाने की बात पर हुआ विवाद, आरोपियों ने ताबड़तोड़ चाकू से हमला
बरौदा हत्या मामला : कानून व्यवस्था पर सवाल
सिवनी/घंसौर यशो :- घंसौर थाना क्षेत्र के बरौदा गांव में बीती रात एक युवक की चाकुओं से गोदकर हत्या कर दी गई। इस सनसनीखेज वारदात के बाद पूरे क्षेत्र में भय और आक्रोश का माहौल है, वहीं कानून-व्यवस्था को लेकर पुलिस पर गंभीर सवाल उठ रहे हैं।
सड़क पर शराब पार्टी बनी हत्या की वजह
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतक गोवर्धन यादव एक छोटा हाथी वाहन से बैंड-बाजा पार्टी लेकर कुदवारी से वापस लौट रहा था। जैसे ही वह बरौदा तिगड्डा पहुंचा, वहां कुछ युवक सड़क के बीच कार खड़ी कर शराब पी रहे थे।
बताया जाता है कि गोवर्धन ने रास्ता साफ करने के लिए कार हटाने को कहा, जिस पर आरोपियों ने विवाद शुरू कर दिया।
चाकुओं से ताबड़तोड़ हमला
देखते ही देखते विवाद हिंसक हो गया और आरोपियों ने गोवर्धन पर चाकुओं से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल युवक को तत्काल लखनादौन अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
पुलिस जांच पर सवाल
घटना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। बताया जा रहा है कि कुछ संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है, लेकिन खबर लिखे जाने तक आरोपियों के नामों का खुलासा नहीं किया गया है।
स्थानीय लोगों में चर्चा है कि इस वारदात में शामिल आरोपी कथित तौर पर रसूखदार और राजनीतिक परिवारों से जुड़े हो सकते हैं, जिससे पुलिस की कार्रवाई पर भी सवाल उठ रहे हैं।
ग्रामीणों का हाईवे जाम
बरौदा हत्या मामला से आक्रोशित ग्रामीणों ने मंडला–लखनादौन–रायपुर हाईवे पर हर्रई के पास चक्का जाम कर दिया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया।
घंसौर थाना क्षेत्र में लगातार हो रही आपराधिक घटनाएं कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर रही हैं। खुलेआम सड़क पर शराबखोरी और हथियार लेकर घूमना पुलिस की सक्रियता पर प्रश्नचिह्न है।





