Seoni 13 June 2025
सिवनी यशो:- जिले में अवैध मादक पदार्थों, सट्टा, जुआ और शराब के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के अंतर्गत सिवनी पुलिस को एक और बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस अधीक्षक सुनील मेहता के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक गुरुदत्त शर्मा एवं नगर पुलिस अधीक्षक श्रीमती पूजा पांडे के मार्गदर्शन में कोतवाली पुलिस द्वारा एक गांजा तस्कर को रंगे हाथ गिरफ्तार किया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिनांक 12 जून 2025 को मुखबिर से सूचना मिली थी कि निर्माणाधीन रेलवे स्टेशन ग्राउंड के पास एक व्यक्ति संदिग्ध रूप से मादक पदार्थ लिए घूम रहा है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए थाना कोतवाली पुलिस की टीम ने तत्परता से मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और आरोपी को धरदबोचा।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान वेदप्रकाश झारिया पिता दुखीराम झारिया, उम्र 55 वर्ष, निवासी रेलवे स्टेशन रोड, तिलक वार्ड, सिवनी के रूप में हुई है। आरोपी के पास से तलाशी में सफेद रंग के थैले में रखा 720 ग्राम गांजा बरामद किया गया, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग ?7,000 बताई जा रही है। इसके अतिरिक्त आरोपी के पास से ?1,510 नगद राशि तथा रेडमी कंपनी का एंड्रॉयड मोबाइल फोन (कीमत ?12,000) भी जब्त किया गया।
पूछताछ में आरोपी मादक पदार्थ से संबंधित कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका, जिस पर पुलिस ने उसके विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट की धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज करते हुए उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया है।
गौरतलब है कि आरोपी वेदप्रकाश झारिया पर पूर्व में भी अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के तीन प्रकरण दर्ज हैं। पुलिस उसकी पुरानी गतिविधियों की भी बारीकी से जांच कर रही है।
इस कार्रवाई में सक्रिय भूमिका निभाने वाले अधिकारी एवं कर्मचारी:
थाना प्रभारी कोतवाली किशोर वामनकर, उप निरीक्षक दयाराम शरणगत, उप निरीक्षक राहुल काकोडिया, सहायक उप निरीक्षक रामअवतार डहेरिया, आरक्षक अमित रघुवंशी, विक्रम देशमुख, शिवम बघेल, सिद्धार्थ दुबे, अजेन्द्र पाल तथा महिला आरक्षक फरहीन।
पुलिस ने आमजन से अपील की है कि नशे के कारोबार को जड़ से समाप्त करने में सहयोग करें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें।



