मध्यप्रदेशसिवनी

42 वर्ष 5 माह की गौरवमयी सेवा के बाद वरिष्ठ शिक्षक रविन्द्र कुमार यादव सेवानिवृत्त, ग्राम छींदा में हुआ भव्य सम्मान

शिक्षकों, जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने शाल, श्रीफल एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर दी भावभीनी विदाई, देर रात तक आयोजित रहा प्रीति भोज

42 वर्ष 5 माह की गौरवमयी सेवा के बाद वरिष्ठ शिक्षक रविन्द्र कुमार यादव सेवानिवृत्त, ग्राम छींदा में हुआ भव्य सम्मान

केवलारी/छींदा।

शासकीय माध्यमिक विद्यालय छींदा में पदस्थ वरिष्ठ शिक्षक रविन्द्र कुमार यादव 42 वर्ष 5 माह की गौरवमयी शासकीय सेवा पूर्ण करने के बाद 30 जून 2026 को सेवानिवृत्त हो गए। उनके सम्मान में ग्राम छींदा में गरिमामय विदाई एवं सम्मान समारोह आयोजित किया गया, जिसमें शिक्षा जगत, जनप्रतिनिधियों तथा ग्रामीणों ने उनके उत्कृष्ट शैक्षणिक योगदान को भावपूर्ण श्रद्धा के साथ स्मरण किया।

शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय छींदा के सभागार में आयोजित विदाई समारोह में विद्यालय के प्राचार्य धनेन्द्र झारिया, शिक्षकगण, आमंत्रित अतिथि एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे। कार्यक्रम में वक्ताओं ने श्री यादव के अनुशासित व्यक्तित्व, विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के प्रति समर्पण तथा शिक्षा के क्षेत्र में उनके उल्लेखनीय योगदान की सराहना करते हुए उनके स्वस्थ एवं सुखद सेवानिवृत्त जीवन की शुभकामनाएं दीं।

समारोह के उपरांत श्री रविन्द्र कुमार यादव का ग्राम भ्रमण कर उन्हें सम्मानपूर्वक उनके निवास तक लाया गया। इस दौरान क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं ने शॉल, श्रीफल, पुष्पमाला एवं स्मृति-चिन्ह भेंट कर उनका अभिनंदन किया।

सम्मान समारोह में जनपद सदस्य मुकेश सिंह राजपूत, भाजपा मंडल अध्यक्ष सचिन राजपूत, जिला पंचायत के पूर्व सदस्य गहनसिंह भलावी, प्रदीप राय, श्याम बाबू, कमलेश राय, कमलेश पटेल, पूर्व सरपंच ललित राय, बिहारी दुबे, रामप्रसाद राय, बजीर मंसूरी, सुश्री केशर मिश्रा सहित बड़ी संख्या में ग्राम एवं क्षेत्र के नागरिक उपस्थित रहे। शिक्षकों, इष्टमित्रों एवं परिजनों ने भी स्मृति-चिन्ह भेंट कर उन्हें सम्मानित किया।

वरिष्ठ शिक्षक रविन्द्र कुमार यादव के सम्मान समारोह का दृश्य, ग्राम छींदा केवलारी
42 वर्ष 5 माह की शासकीय सेवा पूर्ण करने पर वरिष्ठ शिक्षक रविन्द्र कुमार यादव का ग्राम छींदा में सम्मान समारोह।

कार्यक्रम के समापन पर यादव परिवार की ओर से सभी अतिथियों एवं ग्रामीणजनों के लिए प्रीति भोज का आयोजन किया गया, जो देर रात्रि तक सौहार्दपूर्ण वातावरण में चलता रहा।

Dainikyashonnati

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!