मध्यप्रदेशसिवनी

जिंदल हॉस्पिटल सिवनी में पत्रकार से मारपीट, गाली-गलौज और धमकी का आरोप

हॉस्पिटल संचालक सहित तीन नामजद, कोतवाली में FIR दर्ज

सिवनी यशो :- जिंदल हॉस्पिटल, सिवनी परिसर में समाचार संकलन के दौरान एक पत्रकार के साथ मारपीट, गाली-गलौज, कैमरा बंद कराने और जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। इस संबंध में कोतवाली थाना सिवनी में FIR क्रमांक 1028/2025 दर्ज की गई है।

प्रथम सूचना रिपोर्ट के अनुसार, फरियादी पत्रकार ने बताया कि 28 दिसंबर 2025 को सुबह लगभग 10 बजे जिंदल हॉस्पिटल सिवनी में एक व्यक्ति की मृत्यु के बाद परिजनों और हॉस्पिटल प्रबंधन के बीच विवाद की सूचना मिलने पर वह कवरेज के लिए हॉस्पिटल पहुँचे थे।

कवरेज के दौरान विवाद

FIR में दर्ज कथन के अनुसार, मृतक के परिजन हॉस्पिटल गेट के सामने मौजूद थे और अपनी बात रख रहे थे। इसी दौरान हॉस्पिटल संचालक सुनील अग्रवाल मौके पर पहुंचे और पत्रकार पर हॉस्पिटल को बदनाम करने का आरोप लगाते हुए कथित रूप से अभद्र भाषा का प्रयोग किया।

मारपीट, कैमरा छीना, बाइक को नुकसान

फरियादी के अनुसार, इस दौरान उसके साथ धक्का-मुक्की की गई, गालियां दी गईं और कैमरा बंद कराने का दबाव बनाया गया। आरोप है कि मारपीट में उसका कैमरा और बाइक क्षतिग्रस्त हुई, गले में पहनी चांदी की चेन टूट गई तथा शर्ट के बटन भी टूटे।

इसके बाद विशाल दुबे एवं यशवंत उपाध्याय नामक व्यक्तियों द्वारा भी मारपीट और जान से मारने की धमकी देने का आरोप FIR में दर्ज है।

CCTV फुटेज हटाने का आरोप

FIR में यह भी उल्लेख है कि घटना के बाद हॉस्पिटल के CCTV कैमरों की रिकॉर्डिंग हटाने की बात कही गई। साथ ही, दोबारा हॉस्पिटल परिसर में दिखाई देने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी गई।
किन धाराओं में मामला दर्ज
कोतवाली पुलिस ने मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) 2023 की धाराओं— 296(b), 115(2), 351(2), 324(4) एवं 3(5) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस जांच जारी
पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है। साक्ष्यों, CCTV फुटेज और गवाहों के बयान के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Dainikyashonnati

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!