एम्बुलेंस चालक से मारपीट कर लूटपाट, जबरन ले गए बदमाश; देहात पुलिस ने दो आरोपियों को दबोचा
वर्ना कार, ओप्पो मोबाइल और नकदी बरामद; देहात थाना पुलिस की कार्रवाई
एम्बुलेंस चालक से मारपीट कर लूट का मामला: देहात पुलिस ने दो आरोपियों को किया गिरफ्तार
Chhindwara 06 September 2026
छिंदवाड़ा यशो:- एम्बुलेंस चालक के साथ मारपीट कर उसे जबरन गाड़ी में बैठाकर ले जाने, एम्बुलेंस में तोड़फोड़ करने और मोबाइल, नकदी सहित अन्य सामान लूटने के मामले में थाना देहात पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में इस्तेमाल वर्ना कार, ओप्पो कंपनी का मोबाइल और नकदी बरामद की है।
पुलिस के अनुसार, 1 सितंबर की शाम करीब 7:30 बजे एम्बुलेंस चालक मुन्ना उर्फ अनिल पवार अपनी एम्बुलेंस लेकर विवांता अस्पताल की ओर जा रहा था। इसी दौरान उसकी एम्बुलेंस की एक वर्ना कार से टक्कर हो गई। वर्ना कार में सवार लोगों ने विवांता अस्पताल के सामने चालक से विवाद शुरू कर दिया और उसके साथ मारपीट की।
आरोपियों ने चालक को जबरन एम्बुलेंस में बैठाया और सीएम राइज स्कूल के पास रानीकामठ ग्राउंड की ओर ले गए। वहां उसके साथ दोबारा मारपीट कर उसके पास रखे 12 हजार रुपये और ओप्पो कंपनी का मोबाइल निकाल लिया। आरोपियों ने एम्बुलेंस में रखी बैटरी और छोटा ऑक्सीजन सिलेंडर भी निकाल लिया और वर्ना कार से मौके से फरार हो गए।
हुलिए के आधार पर पकड़े गए आरोपी
प्रार्थी द्वारा बताए गए हुलिए के आधार पर पुलिस ने दो संदिग्धों को पकड़कर पहचान कराई। उनकी पहचान अभिषेक पिता दिमाकचंद चौकसे (25), निवासी रानीकामठ और सतिन पिता नारद डेहरिया (28), निवासी चमन मोहल्ला, गुरैया के रूप में हुई।
पुलिस पूछताछ में दोनों आरोपियों ने घटना में शामिल होना स्वीकार किया। इसके बाद पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया जा रहा है।
2.71 लाख रुपये का सामान बरामद
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 2.35 लाख रुपये कीमत की वर्ना कार, 35 हजार रुपये कीमत का ओप्पो मोबाइल और 1 हजार रुपये नकद बरामद किए हैं। बरामद सामान की कुल कीमत करीब 2.71 लाख रुपये बताई गई है।
पुलिस टीम की रही विशेष भूमिका
कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक जीएस राजपूत, उपनिरीक्षक महेश अहिरवार, सहायक उपनिरीक्षक संदीप राजपूत, आरक्षक सूरज, शेरसिंह, अर्जुन और पन्नालाल सहित साइबर सेल के आरक्षक नितिन ठाकुर एवं आदित्य रघुवंशी की विशेष भूमिका रही।
यह भी पढ़े :-
सिवनी में स्कूल जा रही 16 वर्षीय छात्रा को बस ने मारी टक्कर, टायर की चपेट में आने से घायल
केक खाने से आठ बच्चों समेत शिक्षक की तबीयत बिगड़ी, जिला अस्पताल रेफर
जन्माष्टमी पर CM डॉ. मोहन यादव की बड़ी सौगात: पात्र बंदियों की सजा होगी एक माह कम
बारिश में भी नहीं डिगा हौसला, नगरवाड़ा स्टेशन पर उमड़ा जनसैलाब; रेल सुविधा के लिए बुलंद हुई आवाज



