भाजपा की प्राथमिक और सक्रिय सदस्यता से अमित सक्सेना का इस्तीफा
किसान आंदोलन को लेकर मिले अनुशासनहीनता के नोटिस से थे नाराज, बोले—जनता और किसानों की आवाज उठाना जारी रखूंगा
छिंदवाड़ा में भाजपा को झटका? अमित सक्सेना ने प्राथमिक और सक्रिय सदस्यता से दिया इस्तीफा
Chhindwara, 16 October 2026
छिंदवाड़ा यशो:- जिला पंचायत उपाध्यक्ष एवं भाजपा नेता अमित सक्सेना ने भारतीय जनता पार्टी की प्राथमिक और सक्रिय सदस्यता से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने जिला भाजपा अध्यक्ष शेषराव यादव को पत्र भेजकर अपना त्यागपत्र सौंपा। किसानों की समस्याओं और क्षेत्र में वर्षा की कमी से उत्पन्न सूखे जैसे हालात को लेकर आंदोलन करने पर पार्टी की ओर से मिले अनुशासनहीनता के नोटिस के बाद से ही अमित सक्सेना नाराज चल रहे थे।
अमित सक्सेना ने अपने इस्तीफे में कहा कि छिंदवाड़ा जिले में वर्षा की कमी के कारण उत्पन्न सूखे की स्थिति और अन्य जनसमस्याओं को लेकर उन्होंने विभिन्न गांवों का दौरा किया तथा किसानों की मांगों को लेकर प्रदर्शन किया। इस दौरान उन्हें पार्टी की ओर से अनुशासनहीनता का नोटिस दिया गया। साथ ही, जिला भाजपा कार्यालय से फोन कर लोगों को किसान आंदोलन में शामिल होने से मना किए जाने की बात भी उन्होंने पत्र में कही है।
उन्होंने कहा कि इस घटनाक्रम से उनके आत्मसम्मान को ठेस पहुंची है। उनका कहना है कि आंदोलन के बावजूद भाजपा और मध्यप्रदेश शासन की ओर से किसानों की समस्याओं के समाधान के लिए अपेक्षित सहयोग अथवा कार्रवाई नहीं हुई।
‘जनहित में संघर्ष जारी रखूंगा’
अमित सक्सेना ने अपने पत्र में स्पष्ट किया कि वे जनप्रतिनिधि होने के नाते किसानों और आम जनता की समस्याओं को लेकर आगे भी प्रदर्शन करेंगे तथा प्रशासन को ज्ञापन सौंपते रहेंगे। जनता की आवाज उठाने से रोकने के किसी भी प्रयास को उन्होंने अस्वीकार्य बताया।
उन्होंने कहा कि किसानों की लड़ाई और जनहित के मुद्दों पर संघर्ष जारी रखने के उद्देश्य से वे स्वेच्छा से भाजपा की प्राथमिक और सक्रिय सदस्यता से त्यागपत्र दे रहे हैं।
उल्लेखनीय है कि पार्टी में रहते हुए आंदोलन करने को लेकर मिले नोटिस के बाद अमित सक्सेना ने पहले भी जनता की आवाज उठाते रहने की बात कही थी। अब उनके इस्तीफे से जिले की भाजपा की राजनीति में इस घटनाक्रम को लेकर चर्चा तेज होने की संभावना है।


