मध्यप्रदेश

अनूपपुर में श्रद्धालुओं से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटी, कई लोगों की मौत; CM डॉ. मोहन यादव ने की 4-4 लाख सहायता की घोषणा

पुष्पराजगढ़ के बिजौरा गांव में मंदिर जा रहे श्रद्धालुओं के साथ हुआ दर्दनाक हादसा, मुख्यमंत्री ने जताया गहरा शोक

अनूपपुर ट्रैक्टर ट्रॉली हादसा: CM मोहन यादव ने मृतकों के परिजनों को 4 लाख सहायता का ऐलान

Bhopal 30 May 2026
अनूपपुर/भोपाल यशो:- मध्यप्रदेश के अनूपपुर जिले में शनिवार को एक हृदयविदारक सड़क हादसे ने कई परिवारों की खुशियां छीन लीं। जिले के पुष्पराजगढ़ क्षेत्र के ग्राम बिजौरा में मंदिर दर्शन के लिए जा रहे श्रद्धालुओं से भरी एक ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसा इतना गंभीर था कि इसमें कई श्रद्धालुओं की मौत हो गई, जबकि अनेक लोग घायल हो गए।

घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन और राहत दल मौके पर पहुंचे तथा घायलों को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में शोक और मातम का माहौल है।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने दुर्घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना प्रकट की है। मुख्यमंत्री ने कहा कि अनूपपुर जिले के पुष्पराजगढ़ के ग्राम बिजौरा में श्रद्धालुओं को लेकर मंदिर जा रही ट्रैक्टर-ट्रॉली के पलटने से हुई दुर्घटना अत्यंत दुखद है। इस कठिन समय में राज्य सरकार शोकाकुल परिवारों के साथ खड़ी है।

मुख्यमंत्री ने मृतकों के परिजनों को राज्य शासन की ओर से 4-4 लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही घायलों के समुचित उपचार की व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए अधिकारियों को निर्देशित किया गया है।

डॉ. मोहन यादव ने बाबा महाकाल से प्रार्थना करते हुए कहा कि दिवंगत आत्माओं को अपने श्रीचरणों में स्थान दें तथा घायल श्रद्धालुओं को शीघ्र स्वास्थ्य लाभ प्रदान करें।

यह हादसा एक बार फिर ग्रामीण क्षेत्रों में श्रद्धालुओं एवं यात्रियों के परिवहन में सुरक्षा मानकों के पालन की आवश्यकता को रेखांकित करता है। स्थानीय प्रशासन द्वारा दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।

Dainikyashonnati

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!