अरुण राय को मिला “शिक्षा शिखर सम्मान”, अखिल भारतीय कवि सम्मेलन का किया सफल संचालन
शिक्षा क्षेत्र में 25 वर्षों की सेवाओं व नवाचारों के लिए राष्ट्रीय सम्मान

Seoni 15 September 2025
सिवनी यशो :-शिक्षा जगत में अपनी सुदीर्घ सेवाओं, नवाचारों और दृढ़ संकल्प से विशेष पहचान बनाने वाले श्री अरुण राय को “कल्चुरी शिरोमणि स्व. श्रीमती इंदुबाला हांडा स्मृति – शिक्षा शिखर सम्मान” से सम्मानित किया गया। यह सम्मान उन्हें 14 सितम्बर 2025 को सीहोर में राष्ट्रीय कल्चुरी कवि परिषद एवं साहित्य साधना मंच द्वारा हिंदी दिवस पर आयोजित अखिल भारतीय हिंदी महोत्सव एवं कवि सम्मेलन में प्रदान किया गया।
सम्मान पत्र में उल्लेख किया गया कि श्री राय ने सर्वशिक्षा अभियान के सभी सोपानों में निःस्वार्थ भाव से दायित्व निभाते हुए, विद्यार्थियों की गुणवत्ता वृद्धि और शिक्षकों की पठन-पाठन शैली सुधारने हेतु ठोस कार्य किए हैं।
लगातार 25 वर्षों तक शिक्षा विभाग में सेवाएं देने वाले श्री राय को पहले भी जिला एवं राज्य स्तर पर नवाचारों और प्रयोगों के लिए सम्मानित किया जा चुका है। हाल ही में, 15 अगस्त 2025 को स्वतंत्रता दिवस समारोह में कलेक्टर सुश्री संस्कृति जैन द्वारा भी उन्हें जिला स्तर पर सम्मानित किया गया था।
इसी क्रम में सीहोर में आयोजित अखिल भारतीय कवि सम्मेलन का सफल संचालन भी श्री राय ने किया। कार्यक्रम में उपस्थित साहित्यकारों, कवियों और श्रोताओं ने उनके संचालन की सराहना की। राष्ट्रीय स्तर पर इस उपलब्धि पर उनके परिवारजनों, कल्चुरी समाज, सहकर्मियों और शिक्षा एवं साहित्य जगत से जुड़े शुभचिंतकों ने बधाई दी।



