श्री आदिनाथ जिनालय गोल गंज में 8 दिन चलेगा श्री सिद्धचक्र महामंडल विधान
Chhindwara 07 March 2025
छिंदवाड़ा यशो:- फाल्गुन शुक्ल अष्टमी के शुभ दिन से फाल्गुन शुक्ल पूर्णिमा तक चलने वाले जैन दर्शन के अनादि निधन शाश्वत महापर्व अष्टान्हिका का मंगलमय शुभारंभ मंगल कलश स्थापना कर किया गया।
इस अवसर पर नगर के अहिंसा स्थली गोल गंज स्थित श्री आदिनाथ दिगंबर जिनालय में सकल जैन समाज के साथ श्री दिगंबर जैन मुमुक्षु मंडल एवं अखिल भारतीय जैन युवा फेडरेशन के जिनशासन सेवकों ने प्रात:काल की मंगल बेला पर श्रीजी का मंगल प्रक्षालन कर अपने कर कमलों को धन्य किया पश्चात सभी ने श्री जिनेन्द्र पूजन के माध्यम से वीतरागी – देव – शास्त्र – गुरु भगवन्तों की मंगल आराधना की।
फेडरेशन सचिव दीपक राज जैन ने बताया कि सामूहिक पूजन के पश्चात विधि विधान पूर्वक सौभाग्यशाली महिलाओं ने मंगल कलश की स्थापना की ओर तीर्थधाम मंगलायत अलीगढ़ से पधारे पंडित श्री अशोक जी लुहाडिय़ा, पंडित श्री समकित जी शास्त्री एवं पंडित ऋषभ शास्त्री छिंदवाड़ा के निर्देशन में श्री नंदीश्वर दीप पूजन कर श्री सिद्धचक्र महामंडल विधान का मंगलमय शुभारंभ किया।
मंगल प्रवचनों का मिला लाभ – विधान के पश्चात पंडित श्री अशोक कुमार लुहाडिय़ा एवं पंडित श्री समकित शास्त्री के श्रीमुख से मां जिनवाणी का रसास्वादन कर अष्टान्हिका महापर्व के साथ जैन दर्शन का महत्व जाना।
इस अवसर मुख्य कलश एवं मां जिनवाणी को विराजमान करने का सौभाग्य श्रीमती चंदादेवी समता जैन कोहिनूर परिवार को प्राप्त हुआ जिनके साथ अन्य सौभाग्यशाली परिवारों ने मंगल कलश के साथ पंचमेरू एवं अष्ट मंगल द्रव्य की स्थापना कर श्री सिद्धचक्र महामंडल विधान में हिस्सा लिया। मंगल महोत्सव पर प्रतिदिन प्रात: 7 बजे से 10.30 तक विधान के साथ मंगल प्रवचनों का लाभ सकल समाज को मिलेगा एवं आगंतुक विद्वान पंडित श्री अशोक लुहाडिय़ा एवं पंडित समकित शास्त्री के प्रवचनों का लाभ रात्रि 8.30 बजे से स्वाध्याय भवन गोल गंज में प्राप्त होगा जिसमें सकल जैन समाज सहित मंडल एवं फेडरेशन के सभी जिनशासन सेवकों से लाभ लेने की अपील मंडल एवं फेडरेशन द्वारा की गई है।



