मध्यप्रदेशसिवनी

छपारा शासकीय अस्पताल में ‘साइबर सेफ क्लिक अभियान 2.0’ के तहत जागरूकता बैठक

छपारा साइबर सेफ क्लिक अभियान 2.0, ठगी से बचाव के दिए टिप्स

Seoni, 30 June 2026
सिवनी / छपारा यशो:- शासकीय अस्पताल छपारा में मंगलवार, 30 जून 2026 को ‘साइबर सेफ क्लिक अभियान 2.0’ के अंतर्गत साइबर अपराधों की रोकथाम और नागरिकों को डिजिटल सुरक्षा के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से एक विशेष बैठक आयोजित की गई। बैठक में अस्पताल के अधिकारी-कर्मचारियों सहित दो दर्जन से अधिक लोगों ने भाग लिया।

बैठक में थाना प्रभारी ने वर्तमान समय में तेजी से बढ़ रहे साइबर अपराधों पर चिंता व्यक्त करते हुए उपस्थित लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी। उन्होंने फर्जी कॉल, संदिग्ध लिंक, ओटीपी साझा करने, ऑनलाइन बैंकिंग धोखाधड़ी, सोशल मीडिया फ्रॉड तथा डिजिटल भुगतान के दौरान बरती जाने वाली आवश्यक सावधानियों की विस्तार से जानकारी दी।

उन्होंने कहा कि किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ अपनी बैंकिंग संबंधी जानकारी, ओटीपी, एटीएम कार्ड विवरण या अन्य व्यक्तिगत जानकारी साझा न करें। किसी भी संदिग्ध कॉल, मैसेज या लिंक पर बिना जांचे प्रतिक्रिया देने से बचें।

थाना प्रभारी ने बताया कि यदि किसी व्यक्ति के साथ साइबर ठगी की घटना होती है तो वह तत्काल राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज कराए या निकटतम पुलिस थाने में संपर्क करे, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।

बैठक के अंत में सभी उपस्थित लोगों से अपील की गई कि वे स्वयं साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक रहें तथा अपने परिवार, मित्रों और आसपास के लोगों को भी साइबर अपराधों से बचाव के उपायों की जानकारी दें, जिससे समाज को डिजिटल ठगी से सुरक्षित बनाया जा सके।

Dainikyashonnati

Related Articles

Back to top button