सिवनी

तीसरे प्रयास में हासिल की सफलता, बबली चंदेल बनीं सहायक प्राध्यापक (भूगोल)

पीपरडाही की बेटी ने बढ़ाया जिले का मान, शिक्षा जगत में खुशी की लहर

सिवनी यशो :- जिले की प्रतिभाशाली बेटी श्रीमती बबली चंदेल का चयन मध्यप्रदेश लोक सेवा आयोग (पीएससी) द्वारा आयोजित परीक्षा के माध्यम से सहायक प्राध्यापक (भूगोल) पद पर हुआ है। उनकी इस उपलब्धि से परिवार, शिक्षा जगत एवं पूरे जिले में हर्ष का वातावरण है।

श्रीमती बबली चंदेल, पीपरडाही निवासी श्री कोदूराम सनोडिया की सुपुत्री हैं। उनकी प्रारंभिक एवं माध्यमिक शिक्षा शासकीय एकीकृत विद्यालय पीपरडाही में हुई। इसके बाद कक्षा 9वीं से 12वीं तक की शिक्षा उन्होंने शासकीय एम.एल.बी. विद्यालय सिवनी से प्राप्त की।

उन्होंने वर्ष 2008 में शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय सिवनी से बी.ए. एवं एम.ए. (भूगोल) उत्तीर्ण किया। उत्कृष्ट शैक्षणिक प्रदर्शन के लिए उन्हें वर्ष 2008 में रानी दुर्गावती विश्वविद्यालय द्वारा गोल्ड मेडल से सम्मानित किया गया। इसके पश्चात उन्होंने बरघाट से बी.एड., राष्ट्रीय सामाजिक विज्ञान संस्थान इंदौर से एम.फिल. तथा वर्ष 2010 में यूजीसी-नेट परीक्षा उत्तीर्ण की।

श्रीमती चंदेल ने लगभग 12 वर्षों तक शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय बरघाट में अतिथि विद्वान के रूप में अध्यापन कार्य किया। साथ ही बालाजी बी.एड. कॉलेज बरघाट में लगभग 8 वर्षों तक प्रभारी प्राचार्य के रूप में अपनी सेवाएं दीं। वर्तमान में वे उच्च माध्यमिक शिक्षक के रूप में शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय छिंदवाड़ा में पदस्थ हैं तथा पूर्व में जनपद शिक्षा केंद्र लखनादौन में विशेष शिक्षक (मोबाइल रिसोर्स कोऑर्डिनेटर) के रूप में भी कार्य कर चुकी हैं।

उनके पति श्री गया प्रसाद (जी.पी.) चंदेल, निवासी मरकावाड़ा (केवलारी), स्वयं बी.एड., एम.एड. एवं एम.फिल. योग्यता धारक हैं और उनकी सफलता में उनका महत्वपूर्ण योगदान रहा है।

श्रीमती बबली चंदेल ने अपनी सफलता का श्रेय अपने नियमित अध्ययन, दृढ़ संकल्प एवं निरंतर परिश्रम को दिया है। उन्होंने बताया कि तीसरे प्रयास में उन्हें यह सफलता प्राप्त हुई। उन्होंने अपने गुरु डॉ. डी.पी. नामदेव, डॉ. आशुतोष सिंह गौर, सहायक प्राध्यापक श्री छत्रपाल जाटव एवं अपने पति के मार्गदर्शन एवं सहयोग को इस उपलब्धि का महत्वपूर्ण आधार बताया।

श्रीमती चंदेल एक कुशल संगीतज्ञ एवं प्रभावशाली वक्ता भी हैं। उनकी इस उपलब्धि से शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय सिवनी सहित पूरे जिले में गौरव और खुशी का वातावरण है।

समाज के विभिन्न वर्गों, शिक्षाविदों एवं शुभचिंतकों ने उन्हें उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं प्रदान की हैं।

Dainikyashonnati

Related Articles

Back to top button