मात्र एक चौपाई पर तीन घंटे बोले बागेश्वर सरकार
विद्यावान गुणी अति चातुर, राम काज करिवे को आतुर” पर श्रोताओं को किया मंत्रमुग्ध

सिवनी यशो :- भिलाई के जयंती स्टेडियम ग्राउंड में आयोजित दिव्य श्री हनुमंत कथा के चौथे दिन बागेश्वर धाम पीठाधीश्वर पूज्य श्री धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री जी महाराज के श्रीमुख से प्रवाहित कथा ने श्रद्धालुओं को भाव-विभोर कर दिया। कथा श्रवण का सौभाग्य मैहर स्थित माँ शारदा मंदिर के महंत स्वामी बाल योगेश्वर महाराज, अंतरराष्ट्रीय संत बौद्धिक मंच के अंतरराष्ट्रीय अध्यक्ष स्वामी स्वदेशानंद ब्रह्मगिरि महाराज, अन्नदाता एवं पर्यावरण विकास मंच के अंतरराष्ट्रीय अध्यक्ष महंत स्वामी राजराजेश्वर महाराज, आयोजक राजकुमार शर्मा, लाखों श्रद्धालुओं, मंत्रिगण, जनप्रतिनिधियों एवं गणमान्य नागरिकों को प्राप्त हुआ।
हनुमंत कथा के दौरान बागेश्वर सरकार ने तुलसीदास कृत चौपाई
“विद्यावान गुणी अति चातुर, राम काज करिवे को आतुर”
पर लगभग तीन घंटे तक विस्तार से प्रवचन दिया। उन्होंने विद्वान और विद्यावान के अंतर को अत्यंत सरल और प्रभावी उदाहरणों से समझाया। महाराज श्री ने कहा कि रावण विद्वान था, किंतु संकटमोचन हनुमान विद्यावान थे, क्योंकि विद्या का उपयोग सदैव लोककल्याण और प्रभु कार्य में होना चाहिए।
कथा के दौरान उन्होंने अंतरराष्ट्रीय संत बौद्धिक मंच के अध्यक्ष स्वामी स्वदेशानंद ब्रह्मगिरि महाराज को संबोधित करते हुए सम्मानपूर्वक अभिवादन भी किया। बागेश्वर सरकार के इस ओजस्वी और विचारप्रधान प्रवचन की तुलना अनेक श्रद्धालुओं ने स्वामी विवेकानंद जी के शिकागो भाषण से की, जहाँ सीमित विषय पर विश्व को गहन संदेश दिया गया था।
पूरे भिलाई नगर में कथा के दौरान भक्तिमय वातावरण बना रहा। कुछ श्रद्धालुओं द्वारा पर्ची के माध्यम से अपनी समस्याएँ प्रस्तुत की गईं, जिन्हें पढ़कर महाराज श्री ने समाधान और मार्गदर्शन प्रदान किया। छत्तीसगढ़ की सराहना करते हुए बागेश्वर सरकार ने कहा कि छत्तीसगढ़ की माटी, यहाँ का मौसम और यहाँ के लोग अत्यंत प्रिय हैं। अब बुलाया न भी जाए, तब भी मैं भिलाई आता रहूँगा।
हनुमंत कथा में विशेष रूप से छत्तीसगढ़ के उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा, भारत नेत्री एवं पूर्व राज्यसभा सदस्य बहन सरोज पांडे, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष गौरीशंकर अग्रवाल, महिला एवं बाल विकास तथा समाज कल्याण मंत्री श्रीमती लक्ष्मी रजवाड़े, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष एवं भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष धरमलाल कौशिक, सांसद संतोष पांडे, पूर्व मंत्री नंदकुमार साय सहित अनेक मंत्री, जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
हनुमंत कथा के सफल आयोजन हेतु आयोजक राकेश पांडे की व्यवस्थाओं की सभी संत-महात्माओं एवं अतिथियों ने सराहना की तथा उन्हें आशीर्वाद प्रदान किया। अंत में आरती के पश्चात दिव्य श्री हनुमंत कथा का श्रद्धा और भक्ति के साथ समापन हुआ।



