बंडोल पुलिस की कार्रवाई: 245 ग्राम गांजा के साथ तस्कर गिरफ्तार
सिवनी यशो :- जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। बंडोल पुलिस ने बांकी-मोठार रोड पर एक संदिग्ध युवक को पुलिस देखकर भागने की कोशिश करते हुए पकड़ा। तलाशी लेने पर उसके पास मौजूद प्लास्टिक के थैले में 245 ग्राम गांजा बरामद हुआ।
पुलिस के अनुसार, 27 अगस्त 2026 को थाना बंडोल पुलिस क्षेत्र में जुर्म जरायम पतासाजी एवं भ्रमण पर थी। इसी दौरान ग्राम बांकी-मोठार रोड पर राजेन्द्र ठाकुर के घर के पास आम सड़क पर एक व्यक्ति पुलिस टीम को देखकर भागने लगा। संदेह होने पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया।
पूछताछ में आरोपी की पहचान सुनील ठाकुर पिता भैय्यालाल ठाकुर, उम्र 43 वर्ष, निवासी ग्राम बांकी, थाना बंडोल के रूप में हुई।
थैले के अंदर कागज में छिपाकर रखा था गांजा
पुलिस द्वारा आरोपी की तलाशी ली गई। उसके पास रखे प्लास्टिक के थैले के अंदर कागज में 245 ग्राम अवैध गांजा रखा मिला। पुलिस के मुताबिक आरोपी गांजा रखने के संबंध में कोई वैध दस्तावेज या लाइसेंस प्रस्तुत नहीं कर सका।
पुलिस ने गांजा जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। बरामद मादक पदार्थ की कीमत करीब 3,500 रुपये बताई गई है।
NDPS एक्ट में मामला दर्ज
मामले में थाना बंडोल में आरोपी के विरुद्ध धारा 8/20 NDPS एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध कर वैधानिक कार्रवाई की गई है।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक कृष्ण लालचंदानी के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक दीपक मिश्रा एवं एसडीओपी सिवनी चंचलेश मरकाम के मार्गदर्शन में की गई।
इनकी रही महत्वपूर्ण भूमिका
कार्रवाई में थाना प्रभारी उनि. मनोज कुमार जंघेला, सउनि. राजेन्द्र ठाकुर, सउनि. शिवेन्द्र वसूले, सउनि. छोटेलाल कुलस्ते, प्र.आर. जयेन्द्र बघेल, संदेश परतेती, रजनीकांत ठाकुर, आर. राहुल कुशवाहा, इन्द्रभान मर्सकोले एवं म.आर. रूकमणी डेहरि की सराहनीय भूमिका रही।



