क्राइममध्यप्रदेशसिवनी

पुलिस की बड़ी कार्रवाई, सूदखोरों से मुक्त कराए 27 लाख के वाहन व कृषि यंत्र

अवैध ब्याज वसूली के गोरखधंधे में लिप्त गुंडा बदमाश सहित दो आरोपी गिरफ्तार

Seoni February 19, 2026

सिवनी यशो:-  सूदखोरी और रसूख के दम पर गरीबों व किसानों को लूटने वाले गुंडा तत्वों के खिलाफ बंडोल पुलिस ने बड़ी और निर्णायक कार्रवाई करते हुए ग्राम मारबोड़ी के दो शातिर सूदखोरों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से पीड़ित के करीब 27 लाख रुपये मूल्य के वाहन एवं कृषि यंत्र जब्त कर उसे उनके चंगुल से मुक्त कराया।

यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक सुनील कुमार मेहता के निर्देशन में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक दीपक मिश्रा एवं एसडीओपी सचिन परते के मार्गदर्शन में की गई, जहां संपत्ति संबंधी अपराधों, सूदखोरी और रसूखदार अपराधियों के विरुद्ध सख्त रुख अपनाया गया है।

पीड़ित राजेश कुमार पाठक निवासी चौड़ा ने शिकायत में बताया कि आरोपी ब्रजेश राजपूत एवं स्वदेश राजपूत से उसने आवश्यकता पड़ने पर 10-10 लाख रुपये ब्याज पर लिए थे। आरोपियों ने अवैध व मनमाना ब्याज जोड़ते हुए उससे अब तक करीब 40 लाख रुपये वसूल लिए, इसके बावजूद 60 लाख रुपये की और मांग कर रहे थे।

राशि न देने पर आरोपियों ने गाली-गलौच, जान से मारने की धमकी दी और भय दिखाकर पीड़ित की स्कार्पियो गाड़ी, ट्रैक्टर, सीड ड्रिल, रोटावेटर एवं वैगन-आर कार जबरन अपने कब्जे में ले ली।

शिकायत पर थाना बंडोल में अपराध क्रमांक 53/2026 अंतर्गत गंभीर धाराओं में मामला पंजीबद्ध कर दबिश दी गई। पुलिस ने ग्राम मारबोड़ी से दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर ₹27,00,000 मूल्य का मशरूका जब्त किया।

पुलिस के अनुसार मुख्य आरोपी ब्रजेश राजपूत सक्रिय गुंडा बदमाश एवं अंतरराज्यीय अपराधी है, जिसके विरुद्ध सिवनी सहित छिंदवाड़ा, देवलापार एवं महाराष्ट्र के विभिन्न जिलों में 15 से अधिक आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं तथा उस पर जिला बदर की कार्रवाई भी हो चुकी है।

पुलिस ने संकेत दिए हैं कि आरोपियों द्वारा और भी लोगों को सूदखोरी के जाल में फंसाए जाने की जांच की जा रही है।

पुलिस की अपील: आम नागरिक किसी भी प्रकार की सूदखोरी, अवैध वसूली या धमकी की सूचना तत्काल अपने नजदीकी थाने में दर्ज कराएं। ऐसे मामलों में कठोर कार्रवाई की जाएगी।

Dainikyashonnati

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!