“किसी अजनबी की साँसों का सारथी बनिए – करें रक्तदान, निभाएँ मानवता”
(world blood donor day)विश्व रक्तदाता दिवस विशेष
Chhindwara 13 June 2025
छिंदवाड़ा यशो:
विश्व रक्तदाता दिवस उन नायकों को समर्पित है जो अपनी रक्त की कुछ बूँदें ऐसे अजनबियों को समर्पित करते हैं, जिनकी ज़िंदगी रक्त की कमी से जूझ रही होती है। मानवता की इस सच्ची सेवा में छिंदवाड़ा भी पीछे नहीं है।
यहाँ की ब्लड आर्मी ग्रुप नामक युवाओं की एक टीम विगत सात वर्षों से न केवल रक्तदान कर रही है, बल्कि रक्तदान के प्रति जागरूकता फैलाकर नए रक्तदाता भी तैयार कर रही है। यह टीम सिर्फ़ रक्त देने में नहीं, बल्कि ‘रक्तदाता निर्माण’ की मानसिकता विकसित करने पर विश्वास रखती है।
ब्लड आर्मी की शुरुआत दो युवाओं ने उन परिवारों की मदद के लिए की थी, जो अपने मरीजों के लिए रक्त की तलाश में परेशान थे। आज इस समूह से दर्जनों युवा जुड़ चुके हैं, जो नियमित रूप से रक्त की आवश्यकता पड़ने पर काउंसलिंग कर लोगों को जागरूक करते हैं और समय पर रक्त उपलब्ध कराते हैं।
टीम का कार्य किसी प्रचार-प्रसार या मंच के लिए नहीं, बल्कि शुद्ध मानव सेवा की भावना से प्रेरित होता है। साल भर, चाहे परिस्थिति कैसी भी हो, ये युवा निःस्वार्थ रूप से सक्रिय रहते हैं – न कोई दिखावा, न कोई अपेक्षा, सिर्फ़ सेवा।
विश्व रक्तदाता दिवस पर ब्लड आर्मी ग्रुप जैसे समर्पित संगठनों को सलाम, जो न सिर्फ़ रक्त देते हैं, बल्कि उम्मीद, ज़िंदगी और विश्वास भी प्रदान करते हैं।



