मध्यप्रदेशराजनीतिसिवनी

पहलगाम हमले के विरोध में प्रदर्शन कर भाजपा ने पाकिस्तान का पुतला फूंका

पहलगाम की घटना निंदनीय, आतंकवादियों को मोदी सरकार करारा जबाव देगी – श्रीमती बिसेन

 Seoni 24 April 2025

सिवनी यशो:- :- जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले के विरोध में सिवनी नगर के छिंदवाड़ा चौक में भाजपा नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया। पूर्व जिलाध्यक्ष प्रेम तिवारी के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने आतंकवादियों का पुतला फूंका और देश विरोधी ताकतों के खिलाफ नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों ने शहीदों को श्रद्धांजलि देते हुए आतंक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।

जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हाल ही में हुए भीषण आतंकी हमले ने पूरे देश को झकझोर कर रख दिया है। इस नृशंस हमले में आतंकियों ने पर्यटकों की बस पर अंधाधुंध गोलियां बरसाईं, जिसमें 27 निर्दोष नागरिकों की मौत हो गई और कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हमले के विरोध में गुरुवार को सिवनी जिला मुख्यालय के छिंदवाड़ा चोक में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन कर अपना विरोध दर्ज कराते हुये आतंकवाद तथा पाकिस्तान के विरोध में नारेबाजी की ।

छिंदवाड़ा चौक में पूर्व जिला अध्यक्ष पे्रम तिवारी के नेतृत्व में भाजपाईयों सहत आमजनों ने एकत्र होकर आतंकवाद के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की और आतंकवादियों का पुतला फूंका। इस दौरान देश विरोधी ताकतों के खिलाफ गुस्से का इज़हार करते हुए कार्यकर्ताओं ने “आतंकवाद मुर्दाबाद”, “पाकिस्तान मुर्दाबाद” जैसे नारे लगाए। प्रदर्शनकारियों ने आतंकवाद के खिलाफ एकजुटता का संदेश देते हुए दिवंगत आत्माओं के लिए श्रद्धांजलि अर्पित की और उनकी आत्मिक शांति के लिए प्रार्थना की।

मोदी सरकार पर भरोसा जताया

प्रदर्शन के दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष श्रीमती मीना बिसेन ने कहा कि आतंकवादी ये भूल गए हैं कि भारत में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार है, जो आतंकवादियों को उसी भाषा में जवाब देने में सक्षम है। उन्होंने कहा, “भारत अब चुप बैठने वाला नहीं है। यह हमला हमारे धैर्य की परीक्षा है और इसका करारा जवाब दिया जाएगा। हम केंद्र सरकार से अपील करते हैं कि दोषियों को जल्द से जल्द समाप्त किया जाए।

आतंकवाद से लडऩे का हमारा संकल्प अडिग है

इस अवसर पर पूर्व विधायक नरेश दिवाकर ने कहा कि जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकवादी हमला बेहद निंदनीय और आमनवीय घिनौना कृत्य है । उन्होंने कहा, “इस जघन्य कृत्य के पीछे जो लोग हैं, उन्हें न्याय के कटघरे में लाने के लिये मोदी जी के नेतृत्व वाली सरकार ने संकल्प दुहराते हुये आतंक को संरक्षण देने वाले पड़ोसी देश पाकिस्तान के विरूद्ध कड़े रूख को अपनाया है । सिंधु जल संधि को निरस्त कर अनेक समझौतो को निरस्त कर दिया है । तथा कहा कि आतंकवाद से लडऩे का हमारा संकल्प अडिग है तथा यह और भी मजबूत होगा । श्री दिवाकर ने मृत आत्मा की शांति की कामना करते हुये अपनी संवेदनाएँ प्रगट की ।

कार्यक्रम के संयोजक प्रेम तिवारी ने कहा कि जम्मू-कश्मीर के इस हमले के बाद केंद्र सरकार ने सुरक्षा के मोर्चे पर तेज़ी से कदम उठाए हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में हुई सुरक्षा मामलों की कैबिनेट समिति की आपात बैठक में पांच बड़े फैसले लिए गए हैं, जिनमें सीमावर्ती सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करना तथा आतंकी गतिविधियों के स्रोतों को खत्म करने पर विशेष ध्यान शामिल है। भाजपा नेताओं का कहना है कि भारत अब केवल प्रतिक्रिया नहीं देगा बल्कि प्रत्युत्तर की नीति अपनाएगा। दोषियों की पहचान कर उन्हें न्याय के कटघरे में लाया जाएगा और जो देश या संगठन उन्हें संरक्षण देते हैं, उनकी भी जवाबदेही तय की जाएगी। इस विरोध प्रदर्शन में भाजपा के कई वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Dainikyashonnati

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!