छिंदवाड़ामध्यप्रदेशराजनीति
देवी अहिल्याबाई के पदचिह्नों पर चलकर सत्ता को सेवा का जरिया मानती है भाजपा सरकार: शेषराव यादव
देवी अहिल्याबाई होल्कर की तरह महिलाओं को आत्मनिर्भर बना रहे मोदी : विवेक साहू
पुण्यश्लोका अहिल्याबाई होलकर के जीवन पर आधारित प्रदर्शनी का जिला मुख्यालय पर हुआ उद्घाटन
Chhindwara 21 May 2025
छिंदवाड़ा यशो:- पुण्यश्लोका देवी अहिल्याबाई होल्कर की 300 वीं जयंती पर 21 मई से 31 मई तक जिला मुख्यालय सहित सभी मंडलों में भाजपा जिलाध्यक्ष शेषराव यादव के मार्गदर्शन में अभियान चलाकर देवी अहिल्या बाई होलकर जयंती के विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे।
बुधवार को जिला भाजपा कार्यालय में पुण्यश्लोका देवी अहिल्याबाई होल्कर की जयंती कार्यक्रम आयोजित किया गया। प्रदर्शनी का उद्घाटन सांसद बंटी विवेक साहू, भाजपा जिलाध्यक्ष शेषराव यादव, जिला महामंत्री टीकाराम चंद्रवंशी एवं महापौर विक्रम अहाके द्वारा किया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए भाजपा जिलाध्यक्ष शेषराव यादव कहा कि पुण्यश्लोका देवी अहिल्याबाई होल्कर की जयंती का 11 दिवसीय जन्म उत्सव संपूर्ण जिले में मनाया जा रहा है, मैं आप सभी को उनकी जयंती की हार्दिक शुभकामनाएं देता हूं।
उन्होंने कहा कि देवी अहिल्या बाई का जन्म गडरिया परिवार में हुआ था लेकिन वे अपने व्यक्तित्व और कार्यों से संपूर्ण समाजों में पूज्यनीय हो गई इसलिए हमेशा कहा जाता है कि समाज में व्यक्ति अपने गुणों से पूजा जाता है, जाति और धर्म से नहीं। पुण्यश्लोका देवी अहिल्याबाई होल्कर द्वारा 17 वीं शताब्दी में किए गये कार्यों को याद करते हुए उनके द्वारा किए गया विभिन्न लोकोपयोगी कार्यों को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सरकार द्वारा वर्तमान समय में दोहराया जा रहा है।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सांसद बंटी विवेक साहू ने कहा कि हम पुण्यश्लोका देवी अहिल्याबाई होल्कर की 300 वी जयंती मना रहे हैं, मैं इस अवसर पर उन्हें नमन करते हुए आप सभी को उनकी जन्म जयंती की शुभकामनाएं देता हूं। आज पूरे देश में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में उनकी जन्म जयंती के कार्यक्रम की शुरुआत की गई है। उन्होंने बताया कि देवी अहिल्या बाई होलकर को पुण्यश्लोक कहा जाता है। उन्होंने बताया कि पुण्यश्लोक का अर्थ होता है – शुभ चरित्र, अर्थात् जिसका चरित्र या यश बहुत शुभ और सुन्दर हो।
महापौर विक्रम अहाके ने कहा कि मैं आप सभी को देवी अहिल्या बाई की जयंती की शुभकामनाएं देता हूं। उन्होंने कहा कि देवी अहिल्या बाई के द्वारा किए गए कार्यों और उनकी कार्यशैली के कारण उन्हें हम आज भी याद कर रहे हैं, उन्होंने हमें जो मार्ग दिखाए हम उनका अनुसरण करने की कोशिश कर रहे हैं। कार्यक्रम में आभार प्रदर्शन महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष एवं कार्यक्रम की सह संयोजक श्रीमती गरिमा दामोदर द्वारा किया गया।



