खेलछिंदवाड़ाटेक्नोलॉजीदेश विदेशधर्मनरसिंगपुरबालाघाटमंडलामध्यप्रदेशमनोरंजनराजनीतिलाइफस्टाइलविचारव्यापारसिवनीहेल्थ

धान 3100 रूपए एवं गेंहू 2700 रूपए क्विंटल खरीदेगी भाजपा की सरकार – शिवराज सिंह

 


सिवनी यशो:- मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने शनिवार को भाजपा प्रत्याशियों के समर्थन में केवलारी भाजपा प्रत्याशी राकेश पाल सिंह के समर्थन पलारी तिगड्डा एवं बरघाट भाजपा प्रत्याशी कमल मर्सकोले के समर्थन में मोहगांव में चुनावी सभाओं को संबोधित किया। इस दौरान मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने कांग्रेस को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि, ऐसा कोई सगा नहीं, जिसे कांग्रेस ने ठगा नहीं। मैडम प्रियंका गांधी कह रही थी कि, मामा तो कंस भी था। मैडम प्रियंका आप वैसे ही काम करते हो तो आपको कंस ही दिखाई देगा। इनके राष्ट्रीय अध्यक्ष कहते हैं कि, हम भाजपा के पांच पांडवों से लड़ रहे है, फिर ये तो कौरव हुए। कांग्रेस कभी भी रिश्तों को समझ नहीं सकती है। वहीं मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री श्री मोदी जी की तारीफ करते हुए कहा कि, श्री नरेंद्र मोदी जी का आभार है कि, उन्होंने गरीब कल्याण अन्न योजना को 5 साल तक के लिए और बढ़ा दिया। मैं उनको हृदय से धन्यवाद देता हूं।

*कांग्रेसी नेताओं को भारतीय संस्कृति का ज्ञान नहीं*

मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान के कहा कि, कांग्रेस टिप्पणी कर रही है कि, नरक चतुर्दशी के दिन भाजपा अपना संकल्प पत्र क्यों ला रही हैं..? कांग्रेस और इनके नेताओं को भारतीय संस्कृति, हमारे जीवन मूल्य, इतिहास का ज्ञान ही नहीं है। नरक चतुर्दशी के दिन ही भगवान श्री कृष्ण ने नरकासुर का वध कर 16 हजार रानियों को कैद से मुक्त कराया था तो ये बहनों की मुक्ति का दिवस भी है। उनके आत्मसम्मान और स्वाभिमान के साथ जीने का दिवस भी है। लेकिन दिक्कत यह है कि, इनको इतिहास की पूरी जानकारी रहती नहीं है, प्रियंका जी कहती हैं कि, भगवान राम 13 साल के लिए वनवास गए थे। उनको कंस की पूरी हिस्ट्री नहीं पता है लेकिन कंस मामा कह देती है। मुझे लगता है कि, बोलने से पहले उनको सोचना समझना चाहिए।

*बेटों को स्थापित करने आए हैं, छिंदवाड़ा और राघौगढ़ वाले*

मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि, कांग्रेसी आपस में ही भीड़ रहें हैं, यह कपड़ा फाड़ कांग्रेस हो गई है। कमलनाथ कहते हैं कि, दिग्विजय और जयवर्धन के कपड़े फाड़ो। कमलनाथ जी के बेटे नकुलनाथ खुद ही छिंदवाड़ा की टिकट फाइनल कर देते हैं। दरअसल छिंदवाड़ा और राघौगढ़ वाले अपने-अपने बेटों को स्थापित करने में जुटे हुए हैं। ये कांग्रेस पर कब्जे की लड़ाई है। कांग्रेस तो दो पाट में बंट गई है, एक पाट कमलनाथ जी का और दूसरा दिग्विजय सिंह जी का। इन दोनों पाटो के बीच में कांग्रेस और कार्यकर्ता बारिक पिस रहें हैं।

*कांग्रेस के सत्ता में आने का रास्ता बंद कर दीजिए*

मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि, सवा साल में ही कांग्रेस ने जनहित की योजनाओं को बंद करने का पाप किया था। हम बैगा, भारिया, सहरिया बहनों को एक हजार रूपए देते थे, कांग्रेस ने बंद कर दिए। हम बेटियों की शादी करवा कर उन्हें पैसा देते थे लेकिन कांग्रेस ने बेटियों के साथ भी धोखा किया। हम बड़े-बुजुर्गों को तीर्थ दर्शन के लिए भेजते थे, कांग्रेस ने योजना ही बंद कर दी। हम मेधावी छात्र-छात्राओं को लैपटॉप और साईकिल देते थे, कमलनाथ ने वो भी बंद कर दिया। मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि, अगर कांग्रेस की सरकार आई तो वह लाड़ली बहना योजना भी बंद कर देगी, फिर ना लाड़ली रहेगी ना बहना रहेगी, इसलिए कांग्रेस के सत्ता में आने वाले रास्ते को ही बंद कर दीजिए।

*किसान, लाड़ली लक्ष्मी और बहनों को सौगात*

मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि, आज भारतीय जनता पार्टी का संकल्प पत्र जारी किया गया है, जिसके तहत किसान भाईयों की धान इस साल 3100 रूपए क्विंटल खरीदेंगे। गेंहू 2700 रूपए क्विंटल खरीदा जाएगा। वहीं लाड़ली लक्ष्मी बेटियों को 5वीं पास कर के 6वीं 2 हजार रूपए दिए जाते थे, जिसे बढ़ाकर अब 5 हजार रूपए किया जाएगा। इसी तरह 9वीं में 4 से बढ़ाकर 8 हजार रूपए, 11वीं में 6 से बढ़ाकर 10 हजार रूपए और 12 वीं सीधे 40 हजार रूपए दिए जाएंगे। इसके अलावा कन्या विवाह में 55 हजार से बढ़ाकर 1 लाख रूपए दिए जाएंगे। लाड़ली बहनों को रसोई गैस का सिलेंडर 450 रूपए में मिलेगा और बिजली के बढ़े हुए बिल भी भरवाए जाएंगे। उन्होंने कहा कि, आने वाले पांच सालों में भाजपा का लक्ष्य है कि, प्रत्येक परिवार में एक रोजगार का अवसर उपलब्ध कराएंगे।

*मध्यप्रदेश का सफर बहुत गौरवशाली है*

मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि, मध्यप्रदेश जो कभी बीमारू और पिछड़ा राज्य कहलाता था आज उसे हमने विकसित मध्यप्रदेश बनाया हैं। प्रधानमंत्री और केंद्र सरकार की कई योजनाओं में मध्यप्रदेश नंबर 1 हैं। चाहे स्वच्छता हो, जल संरक्षण हो, पर्यावरण बचाना हो, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना की गुणवत्ता हो, पीएम आवास हो, स्वामित्व योजना हो, पीएम स्ट्रीट वेंडर योजना हो। कई योजना में मध्यप्रदेश नंबर 1 है और नंबर 1 का यह सफर निरंतर जारी रहेगा।Óश्री चौहान ने कहा कि, 60 हजार किलोमीटर टूटी-फूटी सड़कों के दौर से आज हम मेट्रो रेल तक का सफर, टपरे वाली आईटीआई से ग्लोबल स्किल पार्क तक का सफर बहुत ही गौरवशाली है। आज हम फिर संकल्प लेते हैं कि, मध्यप्रदेश को देश के सबसे विकसित राज्यों में से एक राज्य बनाकर ही हम चैन की सांस लेंगे।

*हमने बदली है प्रदेश की अर्थव्यवस्था*

मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि, किसान की फसलें बिना पानी के सूख जाती थी तो सिंचाई को हमने प्राथमिकता में सबसे ऊपर रखा। मध्यप्रदेश की अर्थव्यवस्था पूरी तरह से बदली है। अगर 71 हजार करोड़ से 13 लाख करोड रुपए पार हुए हैं तो उसमें सबसे बड़ा योगदान, सिंचाई का है। मध्यप्रदेश में शानदार सड़कों का जाल, बिजली का उत्पादन, फ्लोटिंग सोलर पावर प्लांट जैसी सुविधाएं दी है। किसानों को प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि के साथ मुख्यमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के अंतर्गत राशि दे रहें हैं। भाजपा सरकार ने किसानों को सशक्त करने का काम किया है। बेटियां कोख में मारी जाती थी, बेटे ज्यादा पैदा होते थे, तब लाड़ली लक्ष्मी जैसी योजना अस्तित्व में आई। बहनों के राजनैतिक सशक्तिकरण के लिए मध्यप्रदेश पहला राज्य है जहां 50 प्रतिशत रिजर्वेशन स्थानीय निकायों के चुनाव में बहनों को देने का काम किया है। बेटियों को 30 प्रतिशत पुलिस भर्ती में आरक्षण दिया। लाड़ली लक्ष्मी के बाद रिजर्वेशन, लाड़ली बहना और अब लखपति दीदी तक का सफर महिला सशक्तिकरण का बहुत सशक्त सफर है।

*बहनों को गरीबी के दलदल से निकालकर लखपति बनाना है*

मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने चुनावी सभा को संबोधित करते हुए कहा कि, धनतेरस और दिवाली जैसे पावन त्यौहार पर बहनों के खाते में 7 तारीख को ही किश्त डाल दी गई थी। उन्होंने कहा कि, मैं बहुत ही सौभाग्यशाली हूं कि, मेरी 1 करोड़ 32 लाख बहनें हैं, लेकिन जो बहने छूट गई हैं चुनाव के बाद उनके भी नाम जोड़ दिए जाएंगे। साथ ही उन्होंने कहा कि, मुख्यसमंत्री लाड़ली बहना आवास योजना के तहत बहनों को पक्के मकान बनाने के लिए पैसा दिया जाएगा। जिनके पास रहने की जमीन नहीं है उन्हें पट्टा देकर जमीन का मालिक बनाएंगे। आगे हमारा लक्ष्य है कि, हर बहन की आय सालाना 1 लाख रूपए से ज्यादा करना है और बहनों को गरीबी के दलदल से बाहर निकालकर लखपति दीदी बनाना है।

*भाजपा को एकतरफा आशीर्वाद दें*

मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने आज 8 चुनावी सभाओं को संबोधित करते हुए जनसमुदाय से मध्यप्रदेश में एक बार फिर भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि, प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के कुशल नेतृत्व में देश नित नए कीर्तिमान स्थापित कर रहा है, और डबल इंजन की सरकार में मोदी जी के आशीर्वाद से हमने मध्यप्रदेश को बीमारू राज्य से विकसित राज्यों की श्रेणी में लाकर खड़ा कर दिया है लेकिन मध्यप्रदेश को विकास की राह पर और भी आगे ले जाकर स्वर्णिम मध्यप्रदेश बनाना है। जिसके लिए मध्यप्रदेश में भाजपा सरकार जरूरी है। इसलिए प्रदेश में भाजपा के सभी प्रत्याशियों को प्रचंड बहुमत से विजयी बनाना है और मध्यप्रदेश में एकतरफा आशीर्वाद देकर भारतीय जनता पार्टी की सरकार फिर से बनाना है।

Dainikyashonnati

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!