बेटियों का मनोबल तोड़ रहे भाजपा के नेता, मातृशक्ति का नहीं करते सम्मान
महिला कांग्रेस ने मंत्री विजय शाह का पुतला फूंका, तत्काल इस्तीफा लेने की रखी मांग
Chhindwara 14 May 2025
छिन्दवाड़ा यशो:- महिला कांग्रेस ने भाजपा सरकार के आदिम जाति कल्याण मंत्री विजय शाह का पुतला दहन किया। ईएलसी चौक पर पुतला फूंकने के उपरांत महिला कांग्रेस ने भाजपा सरकार से मांग की है कि विजय शाह से तत्काल इस्तीफा लिया जाए साथ ही उनके विरुद्ध देशद्रोह का अपराध पंजीबद्ध किया जाए, क्योंकि उन्होंने केवल एक बेटी पर नहीं बल्कि देश की सेना में उच्च पद पर पदस्थ महिला अफसर पर अभद्र व अपमानजनक टिप्पणी की है।
बेटियां देश का मान व सम्मान है, समाज की पहचान है, तो घर व परिवार का अभिमान है, किन्तु यह यह बात आज तक भाजपा नहीं समझ पाई, क्योंकि भाजपा के लिए बेटियां केवल वोट बैंक है, इसीलिये चुनाव होते ही भाजपा के मंत्री, संतरी से लेकर कार्यकर्ता व भाजपा नेतापुत्र बेटियों को घिनौनी नजरों से देखते हैं, उनका अपमान करते हैं। इसके एक नहीं अपितु अनेकों उदाहरण है। सबसे बड़ा बेशर्मी का उदाहरण तो भाजपा के मंत्री ने प्रस्तुत किया है जिसकी जितनी भी आलोचना की जाए कम है, क्योंकि भाजपा के राज्यमंत्री ने ना केवल भाषा की मर्यादा तोड़ी है, बल्कि बहन व बेटियों के मान को भी तार-तार कर दिया है। उनका बयान भद्दा ही नहीं शर्मनाक भी है, इसके बाद भी भाजपा सरकार के द्वारा उनके विरुद्ध कोई कार्रवाई नहीं किया जाना इस बात का प्रमाण है कि भाजपा महिला विरोधी सरकार चला रही है।
मुृख्यमंत्री विजय शाह को तत्काल बर्खास्त करें
ऑपरेशन सिंदूर में मुख्य भूमिका निभाने वाली कर्नल सोफिया कुरैशी पर मध्य प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री विजय शाह द्वारा दिए गए बयान की कड़ी निंदा करते हुए मध्य प्रदेश कांग्रेस के प्रवक्ता गुंजन शुक्ला ने कहा कि विजय शाह का बयान देश की सेना एवं बेटियों का अपमान है एवं प्रदेश के मुख्यमंत्री को तत्काल अपनी कैबिनेट से विजय शाह को बर्खास्त कर उनके खिलाफ देश द्रोह का प्रकरण दर्ज कराना चाहिए । एवं मुखिया होने के कारण अपनी कैबिनेट के मंत्री के बयान पर माफी भी मांगनी चाहिए । क्योंकि आज मध्य प्रदेश के इतिहास में पहली बार एक दुर्लभतम घटना घटी है कि मध्य प्रदेश के उच्च न्यायालय को राज्य सरकार के कैबिनेट मंत्री के बयान पर स्वयं संज्ञान लेते हुए राज्य के पुलिस महानिदेशक को 4 घंटे के भीतर कैबिनेट मंत्री के खिलाफ भारत की एकता एवं अखंडता को खतरे में डालने का अपराध दर्ज करने के लिए चेतावनी के साथ निर्देशित करना पड़ा है !



