मंडलाराजनीति

जिले के 945 बूथों में मनाया जाएगा भाजपा का स्थापना दिवस

भाजपा की महत्वपूर्ण कामकाजी जिला बैठक संपन्न

 Mandla 03 March 2025

मंडला यशो:- प्रदेश भाजपा संगठन के निर्देशानुसार गुरुवार को जिला भाजपा कार्यालय मंडला में एक महत्वपूर्ण कामकाजी बैठक का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष श्री प्रफुल्ल मिश्रा ने की, जबकि मंडला विधायिका एवं प्रदेश की लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी मंत्री श्रीमती संपतिया उइके विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहीं।

आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार

बैठक में आगामी संगठनात्मक कार्यक्रमों पर विस्तृत चर्चा हुई। भाजपा स्थापना दिवस, समरसता दिवस, एक राष्ट्र एक चुनाव, वक्फ संशोधन विधेयक और अंबेडकर जयंती जैसे महत्वपूर्ण आयोजनों की योजना बनाई गई। जिलाध्यक्ष प्रफुल्ल मिश्रा ने बताया कि 6 अप्रैल को भाजपा स्थापना दिवस जिले के सभी 945 बूथों पर धूमधाम से मनाया जाएगा। इस दिन बूथ स्तर पर भाजपा का ध्वजारोहण और विविध कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। वहीं 14 अप्रैल को डॉ अंबेडकर जयंती के अवसर पर मंडल स्तर एवं जनजाति बस्तियों पर अनेक कार्यक्रमों के साथ-साथ विभिन्न सेवा कार्य भी किए जाएंगे। दिनांक 8 एवं 9 अप्रैल को विधानसभा वार सक्रिय सदस्य का सम्मेलन किया जायेगा।

कार्यकर्ताओं से सफल आयोजन का आह्वान

अपने उद्बोधन में मंत्री श्रीमती संपतिया उइके ने संगठन की मजबूती और जनसेवा के प्रति कार्यकर्ताओं के समर्पण की सराहना की। बैठक में उपस्थित मंडल अध्यक्षों, जनप्रतिनिधियों, जिला पदाधिकारियों, मोर्चा जिला अध्यक्षों और भाजपा कार्यकर्ताओं से इन कार्यक्रमों को सफल बनाने के लिए सक्रिय सहयोग की अपील की।

उत्कृष्ट कार्य के लिए सम्मान

बैठक के दौरान आजीवन सहयोग निधि संग्रह में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मंडल अध्यक्षों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का संचालन महामंत्री भगवती श्रीधर ने किया। इस दौरान बैठक में पूर्व विधायक पंडित सिंह धुर्वे, डॉ शिवराज शाह पूर्व जिला अध्यक्ष रतन सिंह ठाकुर, बिजेन्द्र कोकडिया, जिला उपाध्यक्ष विनोद कछवाहा, पारस असरानी, अशोक नानकानी, पारस असरानी,अखिल सिहारे, संजीत पाण्डेय जिला महामंत्री उमेश ठाकुर, नीरज मरकाम, डॉ विजय आनंद मरावी, सभी मण्डल के अध्यक्ष, मण्डल प्रभारी,जनपद पंचायत, नगर पालिका के अध्यक्ष उपाध्यक्ष मोर्चा के अध्यक्ष /महामंत्री उपस्थित रहे।

Dainikyashonnati

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!