भाजपा के संस्कारवान नेता खुले मंच से करते हैं कमलनाथ की प्रशंसा: ओकटे
लोकतांत्रिक मूल्यों को नई ऊंचाई दी, जो सकारात्मक राजनीति की प्रेरणा बनीं
Chhindwara 11 March 2025
छिन्दवाड़ा यशो:- जनता के मन में जगह बनाना आसान नहीं होता। विकास के पथ पर जिले को लेकर जाना और निरंतर जनता की सेवा करने का ही परिणाम है, कि जनता ने कमलनाथ जी को हमेशा ही अपना प्रतिनिधि चुनकर भेजा है। नौ बार के सांसद व विभिन्न मंत्रालय के केन्द्रीय मंत्री रह चुके माननीय कमलनाथ जी की भाजपा के संस्कारवान नेता खुले मंच से प्रशंसा करते हैं।
अब सवाल यह उठ रहा है कि क्या भाजपा के दिग्गज संस्कारवान नेता सही थे या फिर भाजपा के वर्तमान सांसद गलत है, क्योंकि देश ही नहीं अपितु विदेशों में भी पहचाने जाने वाले कमलनाथ ने कभी भी राजनीतिक फिजा को बिगडऩे नहीं दिया। उक्त उदगार आज जारी प्रेस विज्ञप्ति के माध्यम से कांग्रेस जिलाध्यक्ष विश्वनाथ ओकटे ने व्यक्त किए।
कांग्रेस जिलाध्यक्ष विश्वनाथ ओकटे ने जारी बयान में आगे कहा कि मप्र के पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ राजनीति में शुचिता व सौहार्द्र का सबसे बड़ा उदाहरण है। इतिहास गवाह है कि उन्होंने किसी भी राजनीतिक दल के नेता पर अभद्र व अशोभनीय टिप्पणी नहीं की।
उनका लक्ष्य था जिले का विकास, युवाओं के लिए रोजगार व छिन्दवाड़ा संसदीय क्षेत्र में शांति व सद्भाव को हमेशा बनाए रखना। भय व डर का माहौल जिले में कभी उत्पन्न नहीं होने दिया। उन्होंने राजनीति में कभी भी भाषा की मर्यादा नहीं तोड़ी। उनके विकास कार्यों, संयमित शब्दों, उदार व मदद के भाव की भाजपा के अनेकों दिग्गज नेता खुले मंच से तारीफ कर चुके और अनेकों नेता आज भी करते हैं।





