अश्लील वीडियो से ब्लैकमेलिंग : राज्य साइबर पुलिस की चेतावनी!
“इज्जत पर हमला” – फर्जी प्रेमजाल, अश्लील वीडियो और ब्लैकमेलिंग के बढ़ते साइबर अपराध पर राज्य साइबर पुलिस की चेतावनी!
Bhopal 16 June 2025
भोपाल यशो:- आज जहां बेटियाँ घर की सीमा लांघकर ऊँचाइयों को छूने निकल रही हैं, वहीं कुछ दरिंदों ने इंटरनेट की आड़ में उनके सपनों और अस्मिता को तार-तार करने की साजिशें तेज कर दी हैं।
राज्य साइबर पुलिस मुख्यालय, भोपाल द्वारा जारी एडवाइजरी-30 में महिलाओं और छात्राओं को सावधान किया गया है — “अब शोषण की भाषा बदली है, शिकार ऑनलाइन हो रहा है!”
कैसे बनती हैं बेटियाँ जालसाजों का निशाना
साइबर पुलिस के अनुसार, संगठित गिरोह स्कूल-कॉलेज या सोशल मीडिया पर छात्राओं से महंगी गाडिय़ों, ब्रांडेड जीवनशैली और भावनात्मक सहारे का दिखावा कर दोस्ती करते हैं। फिर होटल या ढाबों में उन्हें नशा कराकर अश्लील वीडियो बना लेते हैं और इन वीडियो के ज़रिए ब्लैकमेल कर बार-बार यौन शोषण करते हैं।
कुछ मामलों में पीडि़ताओं को मजबूर कर दूसरी लड़कियों को भी फँसाया जाता है। कई युवतियाँ इन अपराधियों के हाथों देह व्यापार और मानव तस्करी तक में धकेली जाती हैं।
“एक चूक – जि़ंदगी भर की चोट!”
साइबर पुलिस की पाँच बड़ी सलाह:
आपत्तिजनक वीडियो/तस्वीरें कभी न बनाएं, और न ही भेजें।
सोशल मीडिया की दोस्ती पर आँख मूंदकर भरोसा न करें।
लक्जऱी जीवनशैली के दिखावे में न फँसें।
ऑनलाइन मित्रों से अकेले मिलना खतरनाक हो सकता है।
तुरंत शिकायत करें:
नजदीकी थाना
🔹 www.cybercrime.gov.in
🔹 हेल्पलाइन: 1930
“बेटियों की इज्जत अब समाज की जि़म्मेदारी है!”
राज्य साइबर पुलिस मुख्यालय, मध्यप्रदेश ने स्पष्ट किया है कि ऐसे मामलों में महिलाओं को चुप नहीं रहना चाहिए। प्रत्येक लड़की की चुप्पी एक और अपराधी को छूट देती है।
यदि आप शिकार बनी हैं, या किसी और को ऐसी स्थिति में देखती हैं, तो डरें नहीं — आवाज उठाएं। सिस्टम अब आपके साथ खड़ा है।



