बीपीएल कार्डधारियों के नाम खरीद ली करोड़ो की जमीने
बैगा आदिवासियों के साथ हो रहा है छल, सरकार की नीतियों और नीयत पर सवाल
Mandla 28 May 2025
डिंडोरी यशो:- मध्य प्रदेश के डिंडौरी जिले में विशेष संरक्षित आदिवासी बैगा जाति के लोगो की सैकड़ो एकड़ जमीन फर्जी तरीके से खरीदी का मामला सामने आया है और इस मामले में विरोध के स्वर तेज हो गये है सत्ता विरोधी दलों के द्वारा इस मामले को जोर शोर से उठाया जा रहा है तो वहीं स्थानीय निकायो द्वारा भी बैग समाज की जमीनों की खरीदी विक्री को फर्जी बता कर रजिस्ट्री निरस्त करने की मांग की जा रही है । इस प्रकरण में पटवारी सहित अन्य राजस्व अमला ने भ्रष्ट तरीके अपनाकर जमीनों को दलालो के हाथों बेचने का कांड तो किया ही है । जमीनों की जिन आदिवासियों के नाम विक्री हुई है वह भी संदिग्ध बताये जा रहे है । गोंगपा का आरोप है कि जिन्होंने ने जमीने खरीदे है वह व्यक्ति वास्तविक खरीददार नहीं है ।
जानकारी के अनुसार ग्राम पंचायत पिपरिया माल में बॉक्साइट खदान को लेकर विरोध के स्वर मुखर होने लगे हैं। खनन कार्य पर ग्राम पंचायत ने अभिमत देते हुए आपत्ति कलेक्टर (खनिज शाखा) को दी है और दर्ज कराई गई आपत्ति में सैकड़ो ग्रामवासियों ने एक जुटता दिखाई है ।
आरोप है कि जिन व्यक्तियों ने जमीने खरीदी है वे सभी व्यक्ति गरीबी रेखा के नीचे जीवन यापन करने वाले हैं, सरकारी योजनाओं के लाभार्थी हैं और मनरेगा जैसी मजदूरी योजना के अंतर्गत कार्यरत हैं, ऐसे आदिवासी व्यक्तियों के नाम पर करोड़ो रूपये की जमीने खरीदी गयी है और प्रशासन ने इसकी जाँच भी नहीं करायी ।
इन बीपीएल कार्डधारियों ने खरीदी है करोड़ो रूपये की जमीन
गोंडवाना गणतंत्र पार्टी का कहना है कि जमीन खरीदने वालों में रघुराज सिंह पिता श्यामलाल निवासी सुतली, जिला कटनी ने डिंडोरी जिले में 411.50 एकड़ जमीन खरीदी है यह व्यक्ति प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत 1.20 लाख रूपये का लाभार्थी है इसका नाम गरीबी रेखा के नीचे सूचीबद्ध है यह शासकीय राशन हर माह लेता है । इस व्यक्ति के द्वारा 2022 में प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना के तहत मुफ्त अनाज भी लिया। इसी प्रकार राकेश पिता मोलई, ग्राम बरमानी, बड़वारा (कटनी) ने
पिपरिया माल और बघरेली में 45.63 एकड़ जमीन खरीदी है यह व्यक्ति भी प्रधानमंत्री आवास योजना के लाभार्थी है मनरेगा में स्वयं व पत्नी के नाम से मजदूरी करता है, बीपीएल कार्डधारी है शासन की योजना के तहत राशन लेता है । नत्थू पिता राममिलन, ग्राम गोइंद्रा, तहसील विजयराघवगढ़ (कटनी) ने डिंडौरी जिले में 179.53 एकड़ जमीन खरीदी है और यह व्यक्ति अपने ग्राम में केवल 2.02 एकड़ पुश्तैनी भूमि का मालिक है इसके परिवार में 6 सदस्य सरकारी राशन योजना के लाभार्थी है । प्रहलाद कोल पिता पद्दू, निवासी वार्ड क्रमांक 30, जोन 2, नगर निगम कटनी ने पिपरिया माल और हरो टोला रैयत में 109.42 एकड़ भूमि खरीदी यह व्यक्ति बीपीएल राशन कार्डधारी, 3 सदस्य लाभार्थी है सरकार से मुफ्त खाद्यान्न प्राप्त करता है ।



