सराफा व्यापारी पर बीच बाजार हुई फायरिंग, बदमाश लाखों की ज्वेलरी लूटकर फरार
विटारा कार में आए बदमाशों ने कारोबो पर फायरिंग कर सोने-चांदी से भरा बैग लूटा, शहर में दहशत का माहौल

मंडला में दिनदहाड़े सराफा कारोबारी से लूट, चार नकाबपोश लुटेरों ने 35 सेकेंड में वारदात को दिया अंजाम, फायरिंग में घायल हुआ व्यापारी
मंडला यशो :- जिले के कटरा क्षेत्र में हीरो शो रूम के सामने स्थित आयुषी ज्वेलर्स में दिनदहाड़े हुई फिल्मी अंदाज़ की लूट और गोलीकांड ने पूरे शहर को दहला दिया। कार में सवार होकर आए चार नकाबपोश लुटेरों ने मात्र 35 सेकेंड में पूरे घटनाक्रम को अंजाम दिया और लाखों रुपए की ज्वेलरी लूटकर फरार हो गए। इस दौरान लुटेरों ने व्यापारी पर फायरिंग की, जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
इस तरह अंजाम दी वारदात
शाम लगभग 7:30 बजे एक विटारा कार आयुषी ज्वेलर्स के सामने आकर रुकी। कार में सवार चार में से तीन लुटेरे बाहर निकले, जबकि एक ड्राइविंग सीट पर बैठा रहा। उस समय दुकान के संचालक आयुष सोनी दुकान बंद कर बाहर निकल रहे थे। तभी पहले से रेकी कर रहे बदमाशों ने उन पर अचानक हमला किया और जेवरात से भरा बैग छीनने की कोशिश की।
जब आयुष ने बहादुरी से विरोध किया तो बदमाशों ने कट्टा दिखाकर धमकाया और दुकान के अंदर घुसकर लूट करने का प्रयास किया। इस दौरान उन्होंने दो से तीन राउंड फायरिंग की और व्यापारी आयुष सोनी के पैर में गोली मार दी। घायल होकर भी आयुष कुछ क्षण तक लुटेरों से जूझते रहे, लेकिन बदमाश बैग लूटकर कार में बैठे चौथे साथी के साथ भाग निकले।
पुलिस की त्वरित प्रतिक्रिया
एएसपी शिवकुमार वर्मा ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस और 112 की टीम मौके पर पहुंची और घायल को जिला अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों के अनुसार आयुष का सीटी स्कैन और एक्स-रे किया गया है, हालत खतरे से बाहर है।
एएसपी ने बताया, “बदमाश विटारा कार में आए थे। उन्होंने चेहरे ढके हुए थे और कुछ ने मंकी कैप पहन रखी थी। उनके हावभाव और वारदात के तरीके से प्रतीत होता है कि वारदात पूरी योजना बनाकर की गई है।”
जांच में तेजी, जगह-जगह नाकाबंदी
पुलिस ने जिले के अंदर और बाहर सभी थानों को अलर्ट कर दिया है। जगह-जगह नाकाबंदी की गई है और सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। कुछ संदिग्धों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है। पुलिस को उम्मीद है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
घटना से शहर में दहशत
इस खुलेआम लूट और गोलीकांड ने मंडला में सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। घटना के बाद से सराफा व्यापारियों सहित पूरे शहर में दहशत का माहौल है। स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से सुरक्षा व्यवस्था कड़ी करने और नियमित पेट्रोलिंग की मांग की है।
अपडेट जारी……………..





