सिवनी
कान्हीवाड़ा में 50 लाख की लागत से बना बस स्टैंड–कॉम्प्लेक्स बंद पड़ा, ग्रामीणों में आक्रोश
श्यामा प्रसाद मुखर्जी रुर्बन मिशन योजना का बहुउद्देश्यीय प्रोजेक्ट बना शोभा की सुपारी
Seoni 27 June 2025
कान्हीवाड़ा यशो:- श्यामा प्रसाद मुखर्जी रुर्बन मिशन योजना के अंतर्गत सिवनी जनपद की ग्राम पंचायत काँहीवाड़ा में लगभग 50 लाख रुपए की लागत से निर्मित बस स्टैंड, शॉपिंग कॉम्प्लेक्स, यात्री प्रतीक्षालय एवं शौचालय अब तक उपयोग में नहीं लाया जा सका है। आवंटन प्रक्रिया पूर्ण होने के बावजूद यह महत्त्वाकांक्षी प्रोजेक्ट जनता के लिए अब तक चालू नहीं किया गया, जिससे ग्रामीणों में तीव्र आक्रोश व्याप्त है।
स्थानीय व्यापारियों और नागरिकों का कहना है कि यह कॉम्प्लेक्स समय पर प्रारंभ होता तो न केवल स्थानीय व्यापार को बढ़ावा मिलता, बल्कि क्षेत्र में रोजग़ार के अवसर भी उत्पन्न होते। इसके साथ ही यात्रियों को प्रतीक्षालय और शौचालय जैसी मूलभूत सुविधाएँ मिल पातीं। लेकिन प्रशासनिक उदासीनता और आपसी खींचतान के चलते यह संरचना विकास की बजाय उपेक्षा का प्रतीक बन गई है।
शौचालय और प्रतीक्षालय भी बंद, राहगीरों को असुविधा
कॉम्प्लेक्स परिसर में बना यात्री प्रतीक्षालय और शौचालय भी ताले में जकड़ा पड़ा है, जिससे राहगीरों और यात्रियों को भारी असुविधा का सामना करना पड़ रहा है। सरकारी खजाने से व्यय हुई राशि बेकार बैठी है, और इसका कोई प्रत्यक्ष लाभ न आमजन को मिल रहा है, न ही प्रशासन को।
आरोप: स्थानीय राजनीति बन रही बाधा
ग्रामीणों और व्यापारी संघों का आरोप है कि कुछ प्रभावशाली व्यक्तियों की आपसी खींचतान और राजनीतिक स्वार्थ इस जनोपयोगी परियोजना को अटका रही है। सार्वजनिक धन से बने इस ढांचे का इस तरह बेकार पड़ा रहना न केवल आर्थिक नुकसान है, बल्कि यह सुनियोजित विकास की परिकल्पना पर भी प्रश्नचिन्ह है।
“यदि शीघ्र कोई कार्रवाई नहीं की गई, तो हम उग्र आंदोलन करेंगे,”
– स्थानीय व्यापारी संघ और जनप्रतिनिधियों की चेतावनी।
जनता की माँग: चालू हो प्रोजेक्ट, तय हो जवाबदेही
क्षेत्रवासियों की स्पष्ट मांग है कि इस परियोजना को शीघ्र जनता के लिए खोला जाए, जिम्मेदार अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाए, और स्थानीय आवश्यकताओं के अनुरूप इसके संचालन की रूपरेखा तैयार की जाए।



